एक तरफ उठी बहन की डोली, दूसरी ओर जवान भाई की अर्थी: नालंदा में शादी के दिन मातम
बहन की शादी में चेन्नई से घर आए 25 वर्षीय स्वागत कुमार की नालंदा के गनपुरा गांव में 440 वोल्ट के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। परिवार ने शादी की र ...और पढ़ें

एक तरफ उठी बहन की डोली, दूसरी ओर जवान भाई की अर्थी: नालंदा में शादी के दिन मातम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, जहां बेटी की शादी की तैयारियां अपने अंतिम दौर में थीं, वहीं कुछ ही पलों में ऐसी चीखें गूंजीं कि पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। एक तरफ बहन की डोली उठी, तो दूसरी ओर जवान भाई की अर्थी।
नूरसराय थाना क्षेत्र के गनपुरा गांव में 440 वोल्ट की बिजली की चपेट में आने से 25 वर्षीय स्वागत कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए चेन्नई से घर आया था। मृतक थरथरी थाना क्षेत्र के मेंहतरमा गांव निवासी राजकुमार पासवान का पुत्र था।
परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था। 18 जून को राजकुमार के भतीजे की आकस्मिक मौत हो चुकी थी। इसी कारण बेटी की शादी ननिहाल गनपुरा गांव से करने का फैसला लिया गया था, ताकि दुख के माहौल के बीच शादी की रस्में पूरी हो सकें।
स्वजन ने बताया कि बरात दरवाजे पर पहुंच चुकी थी। मेहमानों के स्वागत और नाश्ते की तैयारी चल रही थी। इसी बीच स्वागत कुमार शौच के लिए पास के खेत की ओर गया। खेत में पहले से 440 वोल्ट का बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था।
खबरें और भी
अनजाने में उसका पैर तार पर पड़ गया और तेज करंट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा। कुछ देर बाद नाश्ता लेकर जा रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी।
आनन-फानन में परिजन उसे नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से गंभीर हालत में बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन घर में बेटी की शादी चल रही थी। ऐसे में स्वजन ने भारी मन से यह दर्द बरात और अधिकांश रिश्तेदारों से छिपाए रखा।
किसी तरह कलेजे पर पत्थर रखकर शादी की सभी रस्में पूरी कराई गईं और बेटी को विदा किया गया। विदाई के बाद जैसे ही लोगों को स्वागत की मौत की जानकारी मिली, खुशियों से भरा आंगन चीख-पुकार और मातम में बदल गया। जिसने भी यह दृश्य देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
चेन्नई में करता था नौकरी स्वागत कुमार छह बहनों और चार भाइयों में मिलनसार और जिम्मेदार युवक था। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए वह चेन्नई की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था।
बहन की शादी की खुशी में शामिल होने के लिए वह बड़े उत्साह से घर लौटा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह उसकी आखिरी घर वापसी होगी।
घटना की सूचना मिलने पर नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गनपुरा और मेंहतरमा गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद शोक की लहर है। जिस घर में कुछ घंटे पहले शादी की बधाइयां दी जा रही थीं, उसी घर में अब लोग सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। बहन की डोली और भाई की अर्थी एक ही दिन उठने की यह घटना जिसने भी सुनी, उसकी आंखें भर आईं।