कोल्ड ड्रिंक के पैसे मांगने पर बवाल, नालंदा में 2 पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे; आधा दर्जन घायल
बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र के पेढ़का गांव में कोल्ड ड्रिंक के पैसे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। ...और पढ़ें
-1780223917304_m.webp)
घायलों को अस्पताल में चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
कोल्ड ड्रिंक के पैसे को लेकर दो पक्षों में मारपीट।
एक पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात, मामले की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। मानपुर थाना क्षेत्र के पेढ़का गांव में शनिवार की देर रात दो पक्षों के बीच हुए मारपीट में एक पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और गांव में कैंप किया जा रहा है।
घायलों में राजकुमार तथा अनीता देवी ने बताया कि विवाद की शुरुआत गांव में स्थित लड्डू कुमार की गुमटी से हुई।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के अरशद, असलम समेत कुछ युवक वहां पहुंचे और कोल्ड ड्रिंक लेने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
जान से मारने की धमकी
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शोर सुनकर जब अन्य लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो दूसरे गुट के लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, साइकिल की चेन और अन्य हथियारों के साथ पहुंच गए तथा हमला कर दिया। आरोप यह भी है कि कुछ लोगों के पास कट्टा और पिस्तौल भी था तथा वे जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
घटना में घायल गौरा देवी, मंगल, लड्डू कुमार, राजकुमार, अनीता देवी और रिंकू देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद मंगल और लड्डू कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के घायलों का इलाज विभिन्न निजी अस्पतालों में कराए जाने की सूचना है।
पहले से चल रहा था विवाद
दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले अखंड पूजा के दौरान रास्ते और गेट खोलने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी।
बताया जाता है कि उसी विवाद की रंजिश में शनिवार को पहले कहासुनी हुई और शाम होते-होते मामला हिंसक संघर्ष में बदल गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि शाम में कुछ युवक क्रिकेट खेलकर बैठे हुए थे, तभी उन पर हमला किया गया।
खबरें और भी
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सदर डीएसपी संकेत कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है, जिसमें दोनों ओर के लोग घायल हुए हैं। एहतियातन गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है मामले की जांच कर रही है।