विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी के लिए युवती का अपहरण कर ₹50 हजार में बेचा, नालंदा में एक महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार  

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:10 AM (IST)

बिहारशरीफ से लापता हुई 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने इस्लामपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। युवती को जबरन ...और पढ़ें

सांकेतिक फोटो

सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. बिहारशरीफ से लापता 18 वर्षीय युवती बरामद।

  2. जबरन शादी के लिए 50 हजार में बेचा।

  3. एक महिला सहित चार आरोपी गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। लहेरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर बस स्टैंड से लापता हुई 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने इस्लामपुर थानांतर्गत रघुनाथपुर सोहजना गांव से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने युवती को जबरन शादी के लिए ले जाने व इसके बदले रुपये के लेनदेन का मामला सामने आने के बाद महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, चार अगस्त को शेखपुरा जिले के बरबीघा निवासी ममता देवी अपनी बेटी का इलाज कराने बिहारशरीफ स्थित मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजभूषण के पास आई थीं।

इसी दौरान रामचंद्रपुर बस स्टैंड से युवती लापता हो गई। मामले में शेखपुरा जिले के बरबीघा थाने में आवेदन दिया गया। वहां शून्य एफआइआर कर मामला लहेरी थाने को भेज दिया गया।

इसके आधार पर लहेरी थाने में एक सितंबर को प्राथमिकी की गई। तकनीकी व मानवीय इनपुट के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने युवती को रघुनाथपुर सोहजना गांव से बरामद किया।

जबरन कराई गई शादी 

पुलिस के मुताबिक, युवती के बयान और अनुसंधान में सामने आया कि उषा देवी (59 वर्ष) उसे कथित तौर पर मुंह पर रूमाल रखकर टेंपो से पटना जिले के बाढ़ स्थित उमानाथ मंदिर ले गई थी।

इसके बाद सुधीर सिंह व बिरेन्द्र सिंह उर्फ बिल्लू सिंह के माध्यम से उसकी शादी जबरन दिलीप सिंह से करा दी गई। पुलिस का दावा है कि शादी के बदले दिलीप से 50 हजार रुपये लिए गए थे। इसमें सुधीर को 30 हजार, जबकि बिरेन्द्र और उषा को 10-10 हजार रुपये दिए गए।

गिरफ्तार आरोपितों में उषा देवी, सुधीर सिंह, बिरेन्द्र सिंह उर्फ बिल्लू सिंह व दिलीप सिंह शामिल हैं। पुलिस चारों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है।

कार्रवाई में लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक समेत दारोगा संजीव कुमार, नितीश रंजन, सहायक अवर निरीक्षक अनिता कुमारी व सिपाही झुन्नु कुमार शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- भोजपुर में चाय दुकान पर बैठे युवक को बदमाशों ने मारी गोली, इलाज के दौरान मौत