Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में सरकारी स्कूल के हॉस्टल में छात्राओं से साफ कराई नाली! वार्डेन ने बताया साजिश; वीडियो वायरल

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 10:38 PM (IST)

    रहुई के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा नाली साफ करने का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिस पर वार्डेन ने इसे जलजमाव की समस्या के कारण छात् ...और पढ़ें

    छात्रावास में भरा पानी। फोटो जागरण

    छात्रावास में भरा पानी। फोटो जागरण

    HighLights

    1. रहुई केजीबीवी छात्राओं का नाली साफ करते वीडियो वायरल।

    2. वार्डेन ने इसे जलजमाव समस्या पर स्वेच्छा से की गई मदद बताया।

    3. वार्डेन और छात्राओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।

    संवाद सूत्र, रहुई। प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्राएं नाली की सफाई करती नजर आ रही हैं जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। हालांकि यहां रह रही छात्राओं और वार्डेन ने वायरल वीडियो को लेकर साजिश रची बात बताई।

    साथ ही उन्होंने पूरे घटनाक्रम का प्रशासन से निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। छात्राओं ने बताया कि छात्रावास के मुख्य प्रवेश द्वार पर लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई थी। हल्की बारिश होने पर मानो वहां तालाब जैसी स्थिति पैदा हो जाती है।

    इस संबंध में विद्यालय की वार्डेन संगीता कुमारी ने 20 जून 2026 को प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की थी लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया।

    वहीं छात्राओं ने बताया कि लगातार बारिश के कारण छात्रावास के गेट पर गंदा पानी जमा हो गया था। जिससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी साथ ही अक्सर फिसलकर गिर जाती थीं।

    इस समस्या से परेशान होकर जब स्वयं वार्डेन नाली की सफाई करने लगीं तब छात्राओं ने स्वेच्छा की भावना से उनके हाथ से कुदाल लेकर सफाई करने में सहयोग करने लगी।

    छात्राओं का आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने छिपकर वीडियो बना लिया और उसे इस तरह सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो छात्राओं से जबरन नाली की सफाई कराई जा रही हो। उनका कहना है कि वास्तविक स्थिति को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है।

    खबरें और भी

    विद्यालय की वार्डेन संगीता कुमारी ने वायरल वीडियो को साजिश का हिस्सा बताते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही संबंधित अधिकारियों को जलजमाव की समस्या से अवगत कराया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

    उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी छवि धूमिल करने की नीयत से इस वीडियो को भ्रामक तरीके से प्रचारित कर रहे हैं। वार्डेन ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच छात्रावास में आकर छात्राओं से बातचीत कर की जाए।

    उन्होंने कहा कि यदि जांच में वे दोषी पाई जाती हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाए लेकिन यदि आरोप निराधार साबित होते हैं तो झूठा एवं भ्रामक वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए।

    इधर, छात्राओं ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि वार्डेन के साथ अन्याय हुआ तो वे छात्रावास छोड़ने तक का निर्णय लेने को विवश हो सकती हैं। फिलहाल क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजर प्रशासन की संभावित जांच एवं कार्रवाई पर टिकी है।