बिहारशरीफ के मंगला स्थान मंदिर का होगा कायाकल्प, 2 करोड़ रुपये होंगे खर्च
बिहारशरीफ के मंगला स्थान मंदिर के ₹2 करोड़ की लागत से होने वाले पुनर्निर्माण पर एक बैठक हुई, जिसमें विधायक डॉ. सुनील कुमार ने जनसहयोग से मंदिर को भव्य ...और पढ़ें

बैठक को संबोधित करते विधायक डॉ. सुनील कुमार। (जागरण)
HighLights
मंगला स्थान मंदिर का ₹2 करोड़ की लागत से पुनर्निर्माण होगा।
विधायक डॉ. सुनील कुमार ने जनसहयोग से कार्य की घोषणा की।
हिरण्य पर्वत, बाबा मणिराम अखाड़ा के विकास पर भी चर्चा हुई।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। बिहारशरीफ के देवी सराय स्थित मंगला स्थान मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर शनिवार को सनातन धर्म विकास ट्रस्ट की ओर से वैष्णवी मैरेज हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. सुनील कुमार उपस्थित रहे। वहीं, भाजपा नालंदा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार भी मौजूद थे।
बैठक में स्थानीय श्रद्धालुओं, मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों एवं आम लोगों के साथ मंदिर के विकास की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि पिछले 21 वर्षों से क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है, लेकिन अब सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंगला स्थान मंदिर की जर्जर स्थिति देखकर इसके कायाकल्प का संकल्प लिया गया था।
नक्शा हो चुका तैयार
उन्होंने जानकारी दी कि मंदिर के पुनर्निर्माण का नक्शा तैयार हो चुका है और करीब दो करोड़ रुपये की लागत से मंदिर को भव्य एवं आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। यह कार्य जनसहयोग से पूरा किया जाएगा, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों का सहयोग लिया जाएगा।
डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि मंदिर की मूल धार्मिक पहचान को बरकरार रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि मंगला स्थान मंदिर के बाद बिहारशरीफ के अन्य धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
हिरण्य पर्वत का हो रहा विकास
उन्होंने अपने मंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि पर्यावरण मंत्री रहते हुए बड़ी पहाड़ी स्थित हिरण्य पर्वत के विकास के लिए 2 करोड़ 68 लाख रुपये की योजना की अनुशंसा की गई थी, जिसका कार्य प्रगति पर है।
साथ ही बाबा मणिराम अखाड़ा क्षेत्र को लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन एवं धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। हिरण्य पर्वत पर भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
विधायक ने बिहारशरीफ की जनता से सनातन धर्म विकास ट्रस्ट के क्यूआर कोड के माध्यम से मंदिर निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद गुलमली पासवान, मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल कुमार, महेश कुमार, प्रमोद कुमार, पूर्व मेयर सुधीर कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- अरवल के लोगों की बल्ले-बल्ले, 750 करोड़ की लागत से बनेंगे 2 नए बाईपास