नालंदा में 1.25 करोड़ की डकैती का 72 घंटे में खुलासा, झारखंड के जामताड़ा से चार बदमाश गिरफ्तार
नालंदा जिले में खाद व्यवसायी के घर हुई 1.25 करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। झारखंड के जामताड़ा से चार बदमाशों को गिरफ् ...और पढ़ें

चार आरोपी गिरफ्तार
HighLights
नालंदा में 1.25 करोड़ की डकैती का खुलासा।
72 घंटे में चार बदमाश जामताड़ा से गिरफ्तार।
लूटी गई संपत्ति का बड़ा हिस्सा बरामद, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ(नालंदा)। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ले में खाद व्यवसायी राजीव रंजन के घर हुई करीब 1.25 करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया।
इस मामले में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई संपत्ति का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया गया है।
तीन जुलाई की रात हुई थी वारदात
एसपी भारत सोनी ने बताया कि तीन जुलाई की रात करीब एक बजे 10 से 12 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने व्यवसायी के घर धावा बोला। बदमाशों ने परिवार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर मारपीट की और नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया।
झारखंड के जामताड़ा से चार आरोपी गिरफ्तार
वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित जुम्मन मोड़ पहुंची।
यहां छापेमारी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सभी ने डकैती में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
लूटी गई संपत्ति का बड़ा हिस्सा बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर 16.43 लाख रुपये नकद, करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग सात किलोग्राम चांदी के आभूषण, डायमंड एवं प्लेटिनम के जेवर, चांदी के दो हाथी, एक चांदी की ईंट और लड्डू गोपाल की चांदी की प्रतिमा बरामद की गई।
हथियार और कारतूस भी मिले
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, 16 कारतूस और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी अजीत सिंह, संजीव सिंह, विट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है।
फरार बदमाशों की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि डकैती में कुल 10 से 12 अपराधी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य बदमाशों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए बिहार और झारखंड में लगातार छापेमारी की जा रही है।
विशेष टीम ने किया ऑपरेशन
इस कार्रवाई का नेतृत्व सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अमरनाथ ने किया। टीम में दीपनगर, बिहार, लहेरी थाना और जिला आसूचना इकाई के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों सहित कई जवान शामिल रहे।
जल्द होगी शेष संपत्ति की बरामदगी
पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही लूटी गई शेष संपत्ति भी जल्द बरामद कर ली जाएगी।