नालंदा में जमीन विवाद में चली गोली, युवक घायल; पुलिस की मौजूदगी में फायरिंग का आरोप
नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पुलिस की मौजूदगी में हुई फायरिंग में एक युवक रोशन कुमार घायल हो गया। घायल को अ ...और पढ़ें

नालंदा में जमीन विवाद में चली गोली, युवक घायल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। दीपनगर थाना क्षेत्र के दरोगा बीघा (कल्याणपुर) गांव में मंगलवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें 28 वर्षीय रौशन कुमार के बाएं पैर के घुटने के पास गोली लग गई।
घायल को इलाज के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खेत में जुताई के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार अपने खेत में जुताई कर रहे थे। इसी दौरान गोपाल सिंह, शिशुपाल सिंह समेत कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपितों की ओर से फायरिंग की गई। एक गोली रौशन के पैर में जा लगी। घटना के बाद अफरातफरी मच गई और परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
पीड़ित का आरोप, पुलिस के सामने चली गोली
घायल रौशन कुमार ने आरोप लगाया कि वह पिछले एक वर्ष से उक्त जमीन पर खेती कर रहे हैं। मंगलवार को दूसरा पक्ष पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचा था। उनके अनुसार, पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही आरोपितों ने गोली चला दी। उन्होंने दावा किया कि घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसमें पूरी घटना कैद है।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
घायल के भाई कौशल कुमार ने आरोप लगाया कि मौके पर पांच-छह पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने विवाद रोकने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा बरामद किया है।
खबरें और भी
पुराना है जमीन का विवाद
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि संबंधित जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। करीब दो वर्ष पहले गांव के सुहावन सिंह ने गणेश यादव को जमीन बेची थी। बाद में प्लॉट की पहचान को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया।
मामले में अंचल कार्यालय को चौहद्दी के अनुसार, जमीन की मापी कराने के लिए पत्र भेजा गया था। मापी की तिथि भी निर्धारित हुई थी, लेकिन किसी कारणवश प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
छापामारी जारी, गांव में पुलिस बल तैनात
थानाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को गणेश यादव के परिजन खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार बरामद कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।