Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोबाइल भी चलाया, YouTube भी देखा... NEET UG 2026 के बिहार टॉपर आयुष भालोटिया ने बताया सक्सेस मंत्र

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 10:37 AM (IST)

    नवादा के आयुष भालोटिया ने NEET UG 2026 में ऑल इंडिया रैंक 4 हासिल कर बिहार में टॉप किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई दी और उनकी सफलता क ...और पढ़ें

    जागरण संवाददाता, नवादा। NEET UG 2026: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 में बिहार के नवादा जिले के छात्र आयुष भालोटिया ने शानदार सफलता हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है।

    वारिसलीगंज प्रखंड के रहने वाले आयुष ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4 प्राप्त कर पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ नवादा बल्कि पूरे राज्य में खुशी की लहर है।

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई

    बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आयुष को बधाई देते हुए लिखा कि नीट-यूजी परीक्षा में बिहार में शीर्ष स्थान और अखिल भारतीय स्तर पर चौथी रैंक हासिल करना उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।

    मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें विश्वास है कि आयुष भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सेवा-भाव से देश और समाज का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने आयुष के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

    शहर के कमलिया मिल निवासी व्यवसायी सुनील भालोटिया के छोटे पुत्र आयुष ने 710 अंक प्राप्त किए हैं। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने बिहार में पहला और देशभर में चौथा स्थान हासिल किया।

    सफलता का राज: सेल्फ स्टडी, कोचिंग और सीमित मोबाइल इस्तेमाल

    अपनी सफलता का मंत्र बताते हुए आयुष ने कहा कि उन्होंने नियमित पढ़ाई को सबसे ज्यादा महत्व दिया। वे प्रतिदिन पांच से सात घंटे सेल्फ स्टडी करते थे और इसके अलावा करीब छह घंटे की कोचिंग क्लास भी अटेंड करते थे।

    मोबाइल के इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि वे रोजाना दो से चार घंटे मोबाइल चलाते थे, लेकिन उसका उपयोग केवल पढ़ाई और दोस्तों से संपर्क के लिए करते थे।

    वे यूट्यूब पर शैक्षणिक सामग्री देखते थे तथा व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से पढ़ाई से जुड़े साथियों के संपर्क में रहते थे।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं करते थे, जिससे उनका ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित रहा।

    नवादा के स्कूल से पढ़ाई, फुटबॉल रहा पसंदीदा खेल

    आयुष ने अपनी स्कूली शिक्षा नवादा के विवेकानंद स्कूल से पूरी की। उन्होंने बताया कि उन्हें फुटबॉल खेलना बेहद पसंद था। हालांकि, दसवीं कक्षा के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के कारण उन्होंने खेल से दूरी बना ली।

    आयुष ने बताया कि उनके बड़े भाई आईआईटी से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और वर्तमान में विदेश में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। परिवार का शैक्षणिक माहौल और माता-पिता का सहयोग उनकी सफलता में महत्वपूर्ण रहा।

    आयुष की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और नवादा जिले के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सफलता आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।

    यह भी पढ़ें- NEET-UG ‍Bihar Toppers 2026: नीट यूजी में बिहार के आयुष भलोटिया को देश में चौथी रैंक, बने स्टेट टॉपर

    खबरें और भी