नवादा में घर बैठकर हाजिरी लगा रही थी टीचर, अब BEO ने ले लिया एक्शन
कौआकोल के मननपुर स्कूल की शिक्षिका सृष्टि राज पर अनुपस्थित रहकर ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर फर्जी हाजिरी लगाने का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें
-1778930337551_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
शिक्षिका सृष्टि राज पर फर्जी ऑनलाइन हाजिरी का आरोप।
बीईओ ने 'नो वर्क नो पे' के तहत वेतन रोका।
ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर घर बैठे लगाई हाजिरी।
संवाद सूत्र, कौआकोल। कौआकाेल प्रखंड के महुडर पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मननपुर की एक शिक्षिका द्वारा विद्यालय से अनुपस्थित रहकर घर बैठे ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर हाजिरी बनाने का मामला प्रकाश में आया है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अजीत कुमार ने इसे धोखाधड़ी और अनुशासनहीनता मानते हुए शिक्षिका सृष्टि राज से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
साथ ही, 'नो वर्क नो पे' के आधार पर उनका वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीईओ द्वारा 12 मई को विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षिका सृष्टि राज अनुपस्थित पाई गईं।
2 मई से नहीं आ रही थी स्कूल
जांच में पता चला कि वह दो मई से ही स्कूल नहीं आ रही थीं। चौंकाने वाली बात यह है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल के अवलोकन से स्पष्ट हुआ कि शिक्षिका विद्यालय से कई किलोमीटर दूर रहकर 'मार्क आन ड्यूटी' दर्ज कर रही थीं।
निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षिका चार, छह, आठ और नौ मई को आनलाइन उपस्थिति में भी अनुपस्थित पाई गईं। बीईओ ने अपने आदेश में कहा है कि कार्य के प्रति यह लापरवाही, मनमानापन और जनगणना जैसे अति-महत्वपूर्ण कार्यों की अवहेलना है।
बीईओ ने जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि जब तक इस मामले में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता, तब तक संबंधित तिथियों का वेतन काटा जाएगा। इस कार्रवाई से फर्जी तरीके से डिजिटल हाजिरी बनाने वाले शिक्षकों में हड़कंप है।