नवादा केंद्रीय विद्यालय में 13 जुलाई से शुरू होगा आवेदन, एडमिशन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
नवादा केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 जुलाई से शुरू हो रही है। अभिभावक 27 जुलाई तक ऑफलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। ...और पढ़ें

राजकीय कन्हाई इंटर विद्यालय। फाइल फोटो
HighLights
कक्षा 1 से 5 तक के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू।
पंजीकरण 13 जुलाई से 27 जुलाई तक ऑफलाइन होगा।
उम्र की गणना 31 मार्च 2026 से की जाएगी।
संवाद सहयोगी, नवादा। केन्द्रीय विद्यालय नवादा में सोमवार, 13 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है। पहले चरण में अभिभावक पहली कक्षा से पांचवी कक्षा तक में अपने बच्चों के नामांकन को पंजीकरण प्रपत्र भरकर आवेदन कर सकते हैं।
नव स्थापित केंद्रीय विद्यालय, नवादा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा एक से पांचवी तक में नामांकन के लिए अभिभावकों को ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया अपनानी होगी।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-एक, गया के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय, नवादा के लिए कक्षा एक से पांचवीं तक में प्रवेश के लिए 13 जुलाई से 27 जुलाई तक ऑफलाइन पंजीकरण को आवेदन लिया जाएगा। हरेक कक्षा में एक-एक सेक्शन है।
अभिभावक नवादा नगर स्थित राजकीय कन्हाई इंटर विद्यालय में प्रत्येक कार्यदिवस में पूर्वाह्न दस बजे से अपराह्न चार बजे तक पंजीकरण आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभिभावक निर्धारित अवधि में विद्यालय कार्यालय से पंजीकरण प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं तथा पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन-पत्र को सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों के साथ विद्यालय में जमा कर सकते हैं। पंजीकरण प्रपत्र पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-एक, गया की वेबसाइट से भी प्राप्त किया जा सकता है।
31 मार्च, 2026 से की जाएगी बालक-बालिकाओं के उम्र की गणना
केन्द्रीय विद्यालय नवादा में नामांकन के लिए बालक-बालिकाओं के उम्र की गणना 31 मार्च 2026 से की जाएगी। कक्षा-एक के लिए न्यूनतम आयु छह वर्ष तथा अधिकतम आयु आठ वर्ष है। कक्षा- दो के लिए आयु सात से नौ वर्ष, कक्षा-तीन के लिए आठ से दस वर्ष, कक्षा- चार के लिए नौ से 11 वर्ष और कक्षा- पांच के लिए 10 से 12 वर्ष निर्धारित की गई है।
खबरें और भी
प्राचार्य ने बताया कि सीटों का आरक्षण केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रवेश दिशानिर्देश 2026-27 के अनुरूप किया जाएगा। प्रवेश संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश केंद्रीय विद्यालय संगठन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि आवेदन-पत्र पूरी सावधानी से भरें।
यदि आवेदन में कोई गलत अथवा भ्रामक जानकारी पाई जाती है, तो प्रवेश प्रक्रिया के किसी भी चरण में आवेदन अथवा प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। साथ ही, केवल पंजीकरण फार्म जमा कर देने मात्र से प्रवेश का अधिकार प्राप्त नहीं होगा। प्रवेश केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्धारित नियमों एवं उपलब्ध सीटों के अनुसार ही किया जाएगा।
नामांकन के समय देने होंगे आवश्यक दस्तावेज
आवेदन के साथ पूरी तरह से भरा हुआ पंजीकरण प्रपत्र जमा करना होगा। साथ ही सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण-पत्र, सेवा प्रमाण-पत्र (केंद्र/राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए), सत्यापित नवीनतम वेतन पर्ची, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र एवं विगत सात वर्षों में स्थानांतरण का विवरण (जहां लागू हो), एससी,एसटी,ओबीसी (एनसीएल) और इडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, बच्चे का आधार कार्ड अथवा आधार नामांकन पर्ची, पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो, रक्त समूह(ब्लड ग्रुप) का विवरण तथा दिव्यांग (सीडब्ल्यूएसएन) बच्चों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत प्रमाण-पत्र संलग्न करना आवश्यक होगा। अभिभावक विद्यालय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा जारी प्रवेश दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर सकते हैं।