नवोदय स्कूल में एडमिशन के बदले नियम: पड़ोसी जिले के छात्र भी कर सकेंगे आवेदन, दोबारा नहीं दे पाएंगे चयन परीक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालय समिति ने कक्षा छह में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। ...और पढ़ें

नवोदय स्कूल में एडमिशन। फाइल फोटो
HighLights
पड़ोसी जिले के छात्र भी अब नवोदय में कर सकेंगे आवेदन।
निवास जिले की सीमा से 10 किमी दायरे में स्कूल होना अनिवार्य।
नवोदय चयन परीक्षा में छात्र केवल एक बार ही दे पाएंगे।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय समिति ने सत्र 2027-28 में कक्षा छह में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार प्रवेश नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत पहली बार अब छात्र केवल अपने जिले के विद्यालय तक सीमित नहीं रहेंगे। यदि कोई छात्र अपने निवास जिले में आवेदन करना चाहता है और वह कक्षा पांच की पढ़ाई उसी जिले में या फिर उस जिले की सीमा से 10 किलोमीटर की रेडियस दूरी के भीतर स्थित किसी पड़ोसी जिले के मान्यता प्राप्त विद्यालय में कर रहा है, तो वह भी आवेदन के लिए पात्र होगा। इस बदलाव से दो जिलों की सीमा पर रहने वाले हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खरौनाडीह के प्राचार्य पंकज कुमार ने बताया ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। परीक्षा फार्म 31 जुलाई तक भरा जाएगा। चयन परीक्षा 28 नवंबर को होगी, जबकि परिणाम मार्च या अप्रैल 2027 में जारी होने की संभावना है।
दोबारा नहीं कर सकेंगे आवेदन
समिति ने स्पष्ट किया है कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में प्रत्येक छात्र को केवल एक बार ही परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। पहले किसी भी सत्र में परीक्षा दे चुके अभ्यर्थी दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगे। जांच में तथ्य छिपाने पर उम्मीदवारी रद कर दी जाएगी। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा।
खबरें और भी
इसके लिए आधार संख्या अनिवार्य है। आधार उपलब्ध नहीं होने पर सक्षम अधिकारी द्वारा जारी माता-पिता का निवास प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। दूसरी ओर आवेदन फार्म भरने के दौरान ही ओबीसी, एससी व एसटी कैटगरी के परीक्षार्थियों को प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा।
पहली बार इस तरह की व्यवस्था की गई है। नामांकन के समय जाति प्रमाण लिया जाता था। अबकी बार फार्म भरने के दौरान ही अपलोड करना है।
यह भी पढ़ें- सीतापुर : जवाहर नवोदय विद्यालय में एडमिशन परीक्षा के लिए 31 जुलाई तक होंगे आवेदन, 28 नवंबर को होगा एग्जाम
यह भी पढ़ें- JNVST 2027: नवोदय विद्यालय कक्षा 6 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, बिना नेगेटिव मार्किंग के होगी परीक्षा; पढ़ें पूरी डिटेल