नवादा में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर गिरी आकाशीय बिजली, 4 लोगों की मौत
नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड के सांगोवर गांव में वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। ...और पढ़ें

रोते बिलखते परिजन। (जागरण)
HighLights
नवादा के सांगोवर गांव में वज्रपात से चार की मौत।
बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर गिरी बिजली।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।
संवाद सूत्र, नारदीगंज (नवादा)। नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत डोहरा पंचायत के सांगोवर गांव में शुक्रवार की दोपहर बाद करीब दो बजे वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई।
वहीं, अन्य दो लोग जख्मी हो गए। यह घटना उस वक्त हुई जब वर्षा से बचने के लिए लोग एक आम व बरगद के पेड़ के नीचे आकर रूके थे। तभी वज्रपात हो गया।
मृतकों में शंभु यादव पिता चंद्रिका प्रसाद यादव (उम्र 44 वर्ष) ,सोनू कुमार पिता मिथिलेश कुमार( उम्र करीब दस वर्ष), मदन राजवंशी पिता भुनेश्वर राजवंशी (उम्र 55 वर्ष ) और भुनेश्वर राजवंशी पिता दुखन राजवंशी (55 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी सांगोवर गांव के ही निवासी थे। वहीं हादसे में जख्मी होने वालों में शोभा देवी पति लालजीत यादव( उम्र 40 वर्ष )और सुनीता देवी पति कवींद्र प्रसाद ( उम्र 40 वर्ष ) हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्वजन और शुभचिंतकों में कोहराम मच गया। परिवार का रो- रोकर बुरा हाल हो रहा था। हर कोई इस घटना से अवाक हैं।
नारदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काफी संख्या में लोग पहुंचे। सांगोवर गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। नारदीगंज के थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अंचल अधिकारी रईस आलम समेत अन्य पहुंचे।
आश्रितों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये
सीओ ने कहा कि आपदा प्रबंधन कोष से सभी पीड़ित परिवार को चार- चार लाख रुपये उपलब्ध कराई जाएगी। नारदीगंज प्रखंड की बीडीओ सोनिया ढनढननिया ने कहा कि आवेदन मिलने पर पीड़ित परिवार को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे।
बारिश से बचने को पेड़ के नीचे चल गए थे लोग
स्वजन व ग्रामीणों ने बताया अभी खेती बाड़ी का समय है। धान रोपनी शुरु हुई है। गांव के कई ग्रामीण धान रोपनी के लिए खेत में गए थे। गांव के निकट राजगीर पहाड़ के समीप उनकी खेत है।
शुक्रवार की दोपहर में वर्षा शुरु हुई और बिजली चमक रही थी। उस समय 10-15 की संख्या में रहे लोग पानी और बिजली से बचने के लिए आम और बरगद के पेड़ के निकट चले गए।
इसी बीच वज्रपात उसी वृक्ष पर गिर पड़ा, जहां लोग रूके थे। जिसमें चार लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। उस पेड़ के नीचे रहे अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
घटनास्थल के पास सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग जुटे, और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। पुलिस ने सभी मृतक के शव को कानूनी प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है। वहीं, जख्मी का इलाज नारदीगंज सीएचसी में चल रहा है।