यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Nawada News: धनबाद से बिहार शरीफ जा रही बस में हथियार के बल पर लूटपाट, मोबाइल और गहने छीनकर भागे नकाबपोश बदमाश
धनबाद से बिहार शरीफ जा रही बस में हथियार के बल पर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नकाबपोश बदमाश यात्रियों का फोन और गहना लूटकर भ ...और पढ़ें

HighLights
- घटना अहले सुबह करीब 3:00 बजे की
- अंधेरे का फायदा उठाकर खुरी नदी की तरफ भागे बदमाश
जागरण संवाददाता, नवादा। नवादा शहर से होकर गुजर रही एक यात्री बस को नकाबपोश बदमाशों ने अपना निशाना बनाया है। उन्होंने हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने दर्जन भर यात्रियों के मोबाइल व गहने लूट लिए हैं।
धनबाद( झारखंड) से बिहार शरीफ(नालन्दा) जा रही बुंदेला बस जैसे ही एनएच-20 सद्भावना चौक से होकर साईं मंदिर से होते हुए रजौली बस स्टैंड की तरफ बढ़ रही थी, तभी हथियार से लैश नकाबपोश बदमाश बस को रुकवा कर जबरन चढ़ गए।
यात्रियों के बीच आक्रोश का माहौल
हथियार के साथ यात्रियों को धमकाते हुए उनसे मोबाइल व गहने लूट लिए। इस बीच यात्रियों की शिकायत है कि उनके द्वारा पुलिस को मदद के लिए फोन किया गया, लेकिन पुलिस ने उनकी तत्काल कोई सहायता नहीं की। इससे यात्रियों में भारी आक्रोश देखा गया।

घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर बुंदेलखंड थाना ओपी है। इधर, घटना के बाबत पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रेस नोट जारी किया गया है। इसमें कहा गया कि घटना की सूचना मिलते ही बुंदेलखंड थाना ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक सभी हथियारबंद बदमाश मौके से भाग निकले थे।
खबरें और भी
सात मोबाइल लेकर भागे बदमाश
घटना करीब सुबह तीन बजे के आसपास की बताई जा रही है। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश शहर के खुरी नदी की तरफ भाग निकले। इस घटना को लेकर शहरवासियों में रोष है। इंटरनेट मीडिया पर चर्चा हो रही है। पुलिस की मानें तो लूटपाट में सात मोबाइल बदमाश लेकर भाग निकले हैं।
इसके अलावा, तीन-चार महिला यात्रियों से चेन व कान की बाली भी छीन ली गई हैं। पुलिस की ओर से कहा गया है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गहनता से जांच की जा रही है। मामले को उजागर करने के लिए एसआईटी की टीम गठित की गई है। जल्द ही बदमाशों को पुलिस हिरासत में लेगी।