सबा करीम, ईशान और मुकेश के बाद अब टीम इंडिया में वैभव; मैदान में जौहर दिखाने उतरेगा बिहार का बल्लेबाज
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वे बिहार से सीधे भारतीय टीम में शामिल होने व ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में।
HighLights
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भारतीय टी-20 टीम में चयनित।
बिहार से सीधे टीम इंडिया में पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी।
यह चयन बिहार क्रिकेट के लिए बड़ा प्रेरणास्रोत।
अक्षय पांडेय, पटना। बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
महज 15 वर्ष की उम्र में उनका चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
इसके साथ ही वैभव न केवल टीम इंडिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, बल्कि बिहार क्रिकेट के लिए भी एक नया अध्याय लिख दिया है।
वैभव सूर्यवंशी का चयन आईपीएल 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन का प्रतिफल माना जा रहा है। पूरे सत्र में उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, निडर अंदाज और मैच जिताने वाली पारियों से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
यही कारण है कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने उन्हें सीधे भारतीय टी-20 टीम में मौका देकर युवा प्रतिभा पर भरोसा जताया है।
बिहार से खेलते हुए टीम इंडिया का सफर
उनकी उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि बिहार राज्य के गठन के बाद पहली बार कोई खिलाड़ी बिहार की ओर से खेलते हुए भारतीय टीम तक पहुंचा है।
इससे पहले बिहार मूल के कई खिलाड़ी टीम इंडिया का हिस्सा रहे, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट अन्य राज्यों से खेला था।पटना के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज और भारतीय क्रिकेटर सबा करीम ने बंगाल का प्रतिनिधित्व किया था।
पूर्व क्रिकेटर और विश्व कप विजेता कीर्ति आजाद ने दिल्ली से घरेलू क्रिकेट खेलते हुए भारतीय टीम में जगह बनाई थी। वहीं पटना के ईशान किशन झारखंड की ओर से खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचे।
इसी तरह सासाराम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और गोपालगंज के मुकेश कुमार ने बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हुए भारतीय टीम में जगह बनाई।
मुजफ्फरपुर के बाएं हाथ के स्पिनर शाबाज नदीम भी झारखंड से खेलते हुए टीम इंडिया तक पहुंचे थे। लेकिन वैभव सूर्यवंशी पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जो बिहार क्रिकेट से निकलकर सीधे भारतीय टीम तक पहुंचे हैं।
बिहार के लिए साबित होगा टर्निंग प्वाइंट
क्रिकेट जानकारों का मानना है कि वैभव का चयन बिहार क्रिकेट के लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है। लंबे समय तक बुनियादी ढांचे और अवसरों की कमी से जूझ रहे बिहार के युवा खिलाड़ियों के लिए यह उपलब्धि प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इससे राज्य में क्रिकेट के प्रति उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है। 15 वर्ष की उम्र में टीम इंडिया की जर्सी पहनने जा रहे वैभव सूर्यवंशी अब करोड़ों युवाओं की उम्मीद बन चुके हैं।
उनकी सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा को अवसर मिले तो बिहार के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
यह भी पढ़ें- 'हमें मजबूर किया', वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में क्यों मिला मौका? अजीत अगरकर ने बताई वजह