यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खुशखबरी! नीतीश सरकार करेगी बिहार के शहरों का कायाकल्प, 400 करोड़ रुपये से होगा विकास
बिहार के शहरी क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज होगी। राज्य सरकार (Bihar Government) ने मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत 400 करोड़ रुपये आवंट ...और पढ़ें

HighLights
- शहरों के विकास पर खर्च होंगे 400 करोड़, आबादी के अनुसार मिलेगी राशि
- 64.72 करोड़ की सर्वाधिक राशि मिली पटना जिले के शहरी निकायों को
- 42.55 करोड़ की राशि खर्च होगी पटना नगर निगम क्षेत्र के विकास पर
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के शहरी क्षेत्रों में बेहतर सड़क, पार्क, घाट, जलाशय निर्माण और जलनिकासी जैसे काम के लिए 400 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। नगर विकास एवं आवास विभाग ने मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत राज्य योजना मद से वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह राशि खर्च करने की स्वीकृति दी है।
इसका कार्यान्वयन बुडको करेगी जिसके लिए ई-टेंडर के माध्यम से निविदा आमंत्रित की जाएगी। संबंधित जिलों के डीएम को योजना के मानीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत मिली राशि आबादी के अनुसार खर्च की जाएगी। विभाग ने जिलावार और निकायवार राशि का आवंटन कर भी दिया है।
पटना जिले को मिली सबसे अधिक राशि
सबसे अधिक आबादी वाले जिले पटना को सर्वाधिक 64 करोड़ 72 लाख 96 हजार की राशि दी गई है। इसमें भी पटना नगर निगम क्षेत्र के विकास पर 42 करोड़ 55 लाख की राशि खर्च होगी। यह कुल आवंटित राशि का दस प्रतिशत से भी अधिक है।
इसके बाद दानापुर नगर परिषद क्षेत्र पर चार करोड़ 60 लाख, मसौढ़ी नगर परिषद क्षेत्र पर दो करोड़ 10 लाख और फुलवारीशरीफ नगर परिषद क्षेत्र के विकास पर दो करोड़ छह लाख की राशि खर्च होगी। पटना जिले में सबसे कम 32 लाख 60 हजार की राशि पुनपुन नगर पंचायत को मिली है।
अरवल और शिवहर को सबसे कम आवंटन:
पटना के बाद सर्वाधिक 18 करोड़ 67 लाख 44 हजार की राशि गया जिले को मिली है, इसमें अकेले 11 करोड़ 97 लाख रुपये गया नगर निगम और एक करोड़ 98 लाख रुपये बोधगया नगर परिषद क्षेत्र के विकास पर खर्च होंगे। वहीं नालंदा जिला तीसरे स्थान पर है, जिसे 17 करोड़ 85 लाख की राशि का आवंटन हुआ है।
खबरें और भी
इसमें बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में आठ करोड़ 53 लाख, जबकि राजगीर के विकास पर एक करोड़ 83 लाख की राशि खर्च की जाएगी। बिहार के प्रमुख जिलों में रोहतास को 15 करोड़ 83 लाख, मुजफ्फरपुर को 15 करोड़ 42 लाख और भागलपुर को 15 करोड़ 10 लाख की राशि खर्च करने की स्वीकृति मिली है।
सबसे कम आवंटन अरवल और शिवहर को मिला है। शिवहर नगर परिषद के लिए एक करोड़ 11 लाख जबकि अरवल नगर परिषद के लिए एक करोड़ 30 लाख की राशि आवंटित की गई है। योजना के अंतर्गत तिगुनी राशि तक की कार्ययोजना जिला स्तर पर तैयार करने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका है।
सर्वाधिक राशि पाने वाले दस जिले
| जिला | आवंटित राशि |
| पटना | 64.72 करोड़ |
| गया | 18.67 करोड़ |
| नालंदा | 17,85 करोड़ |
| रोहतास | 15.83 करोड़ |
| मुजफ्फरपुर | 15.42 करोड़ |
| भागलपुर | 15.10 करोड़ |
| बेगूसराय | 14.79 करोड़ |
| दरभंगा | 13.95 करोड़ |
| समस्तीपुर | 13.88 करोड़ |
| पूर्णिया | 13.85 करोड़ |
ये भी पढ़ें- Patna New Four Lane: पटना वालों के लिए खुशखबरी, इस सड़क को किया जाएगा फोरलेन; जाम से मिलेगी मुक्ति