बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन शुरू: पहले दिन उपेंद्र सहनी ने भरा पर्चा, RJP से ठोकी ताल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के उपेंद्र सहनी ने अपना पर्चा दाखिल किया। उन्होंने अपनी संपत्ति और शैक ...और पढ़ें

उपेंद्र सहनी। फाइल फोटो
HighLights
उपेंद्र सहनी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन किया।
उनकी संपत्ति और शैक्षणिक योग्यता का विवरण प्रस्तुत किया गया।
भाजपा ने अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
जागरण संवाददाता, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन सोमवार को एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के प्रत्याशी उपेन्द्र सहनी ने रिटर्निंग अफसर राघवेंद्र प्रताप सिंह के समक्ष नामांकन किया।
55 वर्षीय उपेन्द्र सहनी सीतामढ़ी के पकरी गांव के निवासी हैं। उन्होंने अपने शपथपत्र में खुद को व्यवसायी व शैक्षणिक योग्यता बीए स्नातक बताई है। शपथपत्र के अनुसार उपेन्द्र सहनी के विरुद्ध कोई आपराधिक मामला लंबित या किसी मामले में दोषसिद्धि नहीं होने की घोषणा की है।
आयकर रिटर्न के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में उनकी कुल आय 11.72 लाख रुपये है। उनके पास करीब 90 लाख की अचल संपत्ति व पत्नी के नाम करीब 1.25 करोड़ की अचल संपत्ति है।
चल संपत्ति में उनके पास लगभग 65 हजार रुपये तथा उनकी पत्नी के पास करीब 15.66 लाख रुपये हैं। इसके अलावा उनके नाम कैनरा बैंक का 6.50 लाख रुपये का व्यवसायिक ऋण है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 13 जुलाई तक नामांकन किए जा सकेंगे। भाजपा ने अब तक अपना प्रत्याशी नहीं घोषित किया है, जबकि प्रमुख विपक्षी दल ने राजद ने दोबारा रेखा गुप्ता को ही अपना उम्मीदवार बनाया है। रेखा गुप्ता विधानसभा चुनाव में दूसरे नंबर पर थीं। वहीं, इस उपचुनाव से जनसुराज संस्थापक प्रशांत किशोर भी पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।