Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांकीपुर उपचुनाव: 'मैदान साफ है तो दौड़कर गोल कर लें'; प्रशांत किशोर पर मंत्री श्रवण कुमार का तंज, गिरिराज भी बरसे

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 12:50 PM (IST)

    बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मंत्री श्रवण कुमार ने प्रशांत किशोर और राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी के बयानों पर पलटवार करते हु ...और पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हर तरफ से एक-दूसरे पर शब्‍दबाण चलाए जा रहे हैं।

    भाजपा द्वारा उम्मीदवार बदलने के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी ने एनडीए पर निशाना साधा था।

    अब बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने दोनों नेताओं के तंज का जवाब देते हुए दावा किया है कि बांकीपुर में भाजपा की जीत तय है।

    भाजपा का मजबूत गढ़ है बांकीपुर

    श्रवण कुमार ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और इस बार भी जनता एनडीए के साथ खड़ी है।

    उन्होंने कहा कि उपचुनाव के लिए एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।

    भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए संगठन पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरा है। 'ताल ठोकने से कुछ नहीं होगा।

    दावे से नहीं जीते जाते चुनाव 

    मंत्री ने कहा कि चुनाव मैदान में सभी उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत का दावा करते हैं, लेकिन फैसला जनता करती है। उनके मुताबिक, भाजपा प्रत्याशी ही बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास और जनसेवा की नीति को आगे बढ़ा रहे हैं। सरकार जाति, धर्म और परिवार की राजनीति से ऊपर उठकर सभी वर्गों के लिए काम कर रही है।

    राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि किसे कितने वोट मिलेंगे, इसका फैसला जनता करेगी। केवल दावे करने से चुनाव नहीं जीते जाते।

    'मैदान साफ है तो गोल कर लें'

    प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए मंत्री ने कहा, "अगर उन्हें लगता है कि मैदान साफ है तो दौड़कर गोल कर लें, लेकिन उनसे गोल होने वाला नहीं है।

    गिरिराज सिंह का भी प्रशांत किशोर पर हमला

    केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब तक जन सुराज के अधिकांश उम्मीदवारों की जमानत जब्त होती रही है और अब प्रशांत किशोर स्वयं मैदान में उतरे हैं।

    उन्होंने कहा कि भाजपा ने उम्मीदवार बदलने का फैसला पूरी चुनावी रणनीति के तहत लिया है ताकि विपक्ष को किसी तरह का मौका न मिले। उनके अनुसार भाजपा व्यक्ति नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर चुनाव लड़ती है।

    जीवेश कुमार बोले- कार्यकर्ताओं में उत्साह

    भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जीवेश कुमार ने भी बांकीपुर में एनडीए की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि संगठन पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ रहा है और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

    राजनीति में अपने लंबे अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं 14 वर्ष की उम्र से सक्रिय राजनीति में हैं और संगठन की ताकत पर उन्हें पूरा भरोसा है। 

    यह भी पढ़ें- BJP ने आखिर क्यों बदला बांकीपुर का उम्मीदवार? अभिषेक बंटी के पिता ने खोला बड़ा राज

    खबरें और भी