Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांकीपुर उपचुनाव: BJP-RJD ने नहीं खोले पत्ते, तेज प्रताप और PK ने बढ़ाई सियासी हलचल

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 03:27 PM (IST)

    बांकीपुर उपचुनाव की घोषणा के साथ ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है, जिसमें तेज प्रताप यादव ने वीणा मानवी को उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा, राजद और जन सु ...और पढ़ें

    न‍ित‍िन नवीन तेजस्‍वी यादव एवं प्रशांत क‍िशोर। फाइल

    न‍ित‍िन नवीन तेजस्‍वी यादव एवं प्रशांत क‍िशोर। फाइल

    HighLights

    1. बांकीपुर उपचुनाव: 30 जुलाई मतदान, 3 अगस्त को परिणाम घोषित।

    2. तेज प्रताप यादव ने वीणा मानवी को उम्मीदवार बनाया, पहला दांव।

    3. भाजपा, राजद, जन सुराज में उम्मीदवार पर सस्पेंस बरकरार।

    डिजिटल डेस्क, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही राजधानी की सबसे चर्चित सीट पर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।

    भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्‍यसभा में जाने के बाद इस्तीफे से खाली हुई इस सीट पर सभी प्रमुख दलों की नजरें टिकी हैं। 

    हालांकि, अभी तक तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी को छोड़कर किसी भी दल ने अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

    तेज प्रताप ने पहले ही वीणा मानवी को चुनाव मैदान में उतारने का एलान कर दिया है। दूसरी ओर भाजपा, राजद और जन सुराज ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

    Tej

    (तेज प्रताप ने सोशल एक्‍ट‍िविस्‍ट वीणा मानवी को बनाया है उम्‍मीदवार।)

    क्या बांकीपुर से मैदान में उतरेंगे प्रशांत किशोर?

    बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सबसे अधिक चर्चा जन सुराज और उसके सूत्रधार प्रशांत किशोर को लेकर है। पिछले कुछ दिनों से वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और सभाएं कर रहे हैं।

    उन्होंने हाल ही में एक जनसभा में कहा था कि अगर उनके चुनाव लड़ने से भाजपा को हार मिलती है तो वह बांकीपुर से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

    उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई हैं कि जन सुराज इस सीट को प्रतिष्ठा की लड़ाई बना सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

    भाजपा का मजबूत गढ़ रही है बांकीपुर सीट

    बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है। 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के नितिन नवीन लगातार पांचवीं बार यहां से विधायक निर्वाचित हुए थे।

    उन्होंने राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी को लगभग 50 हजार मतों के बड़े अंतर से हराया था। इसी सीट से जीतकर नि‍त‍िन नवीन बिहार सरकार में मंत्री भी बने। 

    बाद में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद नितिन नवीन ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।

    भाजपा में कई नामों पर चर्चा

    भाजपा की परंपरागत सीट होने के कारण इस बार उम्मीदवार को लेकर पार्टी काफी मंथन कर रही है। राजनीतिक गलियारों में कई नाम चर्चा में हैं।

    इनमें पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक, बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रणबीर नंदन और कुम्हरार के पूर्व विधायक के पुत्र का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है।

    राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कायस्थ मतदाताओं की अच्छी संख्या है। चर्चा में शामिल तीनों संभावित चेहरे इसी समाज से आते हैं। 

    राजधानी पटना की बांकीपुर सीट राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाती है। भाजपा के लिए यह अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने की चुनौती होगी। 

    वहीं राजद और जन सुराज इसे सत्ता पक्ष को घेरने के अवसर के रूप में देख रहे हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद यह मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।

    महागठबंधन में भी उम्मीदवार पर मंथन

    महागठबंधन की ओर से भी अभी उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। पिछले विधानसभा चुनाव में राजद ने रेखा कुमारी को टिकट दिया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

    इस बार राजद पुराने चेहरे पर भरोसा जताएगा या नया उम्मीदवार उतारेगा, इस पर अभी संशय बना हुआ है।

    यह भी पढ़ें- पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर सीट पर उपचुनाव का एलान; 6 जुलाई से शुरू हो जाएगा नामांकन