बेउर जेल में बंदियों की चल रही थी 'मनमर्जी सरकार', टीवी-हीटर कांड में तीन कक्षपाल निलंबित
बेउर जेल में बंदियों द्वारा टीवी-हीटर के इस्तेमाल और मेस संचालन में अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। जांच के बाद तीन कक्षपालों को निलंबित किया गया है, जब ...और पढ़ें

उच्च सुरक्षा कक्ष में भी नियमों की अनदेखी
HighLights
बेउर जेल में बंदियों ने इस्तेमाल किए प्रतिबंधित टीवी-हीटर।
मेस संचालन और गोदाम प्रबंधन में मिलीं गंभीर अनियमितताएं।
तीन कक्षपालों को तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित।
राज्य ब्यूरो, पटना। राजधानी स्थित आदर्श केंद्रीय कारा, बेउर में बंदियों और जेल कर्मियों की सांठगांठ का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में पता चला है कि बंदी जेल के भीतर नियमों की अनदेखी कर टीवी और हीटर जैसी प्रतिबंधित सुविधाओं का इस्तेमाल कर रहे थे।
जेल परिसर में मेस संचालन से लेकर गोदाम प्रबंधन तक कई स्तरों पर अनियमितताएं मिली हैं। इसके अलावा बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे हैं।
उच्च सुरक्षा कक्ष में भी नियमों की अनदेखी
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उच्च सुरक्षा कक्ष में तरुण कैदियों को उम्रदराज और कुख्यात कैदियों के साथ रखा जा रहा था, जो जेल नियमावली के विपरीत है।
इन गंभीर अनियमितताओं के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक उच्च कक्षपाल समेत तीन कक्षपालों को निलंबित कर दिया है।
पहले भी हो चुकी है अधिकारियों पर कार्रवाई
बेउर जेल में सामने आई अनियमितताओं को लेकर कुछ दिन पहले ही जेल अधीक्षक नीरज झा समेत आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
अब नई कार्रवाई के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अवैध मेस और हीटर इस्तेमाल के आरोप में निलंबन
गृह विभाग (कारा) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उच्च कक्षपाल उमेश कुमार सिन्हा को अवैध मेस संचालन, प्रतिबंधित सामग्री के उपयोग और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
उन पर जेल के भीतर नियमों के उल्लंघन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।
राशन और हीटर बरामद होने पर हुई कार्रवाई
कक्षपाल निर्मल कुमार पासवान को सरस्वती खंड से कच्चा राशन, हीटर और अन्य सामान बरामद होने के मामले में निलंबित किया गया है।
इसके अलावा बंदियों द्वारा नियमों के विपरीत वार्ड के अंदर खाना बनाने की अनुमति देने का आरोप भी उन पर लगाया गया है।
गोदाम में अनियमितता मिलने पर तीसरा निलंबन
एक अन्य कक्षपाल शिवशंकर कुमार को कारा गोदाम के भंडारण और रखरखाव में अनियमितता पाए जाने के आरोप में निलंबित किया गया है।
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि जेल प्रशासन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
20 जून की छापेमारी में खुली थीं परतें
गौरतलब है कि 20 जून को बेउर जेल में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान बड़ी संख्या में अनियमितताएं और नियम उल्लंघन के मामले सामने आए थे। इसके बाद से जेल प्रशासन और गृह विभाग लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।
पत्नी की हत्या और दहेज मामले में सहायक अधीक्षक निलंबित
एक अन्य मामले में दरभंगा मंडल कारा के सहायक अधीक्षक नन्दु चौधरी को पत्नी की हत्या और दहेज उत्पीड़न के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
खबरें और भी
गृह विभाग ने उनके खिलाफ आरोप-पत्र तैयार कर एक सप्ताह के भीतर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
दहेज और हत्या के आरोप में दर्ज है मामला
नन्दु चौधरी के खिलाफ फरवरी 2026 में समस्तीपुर के विद्यापति नगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। उन पर दहेज में नकद राशि, एक्सयूवी-300 वाहन और सोने के आभूषण लेने का आरोप है।
मामले की जांच जारी है और विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
मुलाकाती से रुपये मांगने वाला कक्षपाल भी निलंबित
वहीं, सासाराम मंडल कारा के कक्षपाल सोनू कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है। उन पर मुलाकाती से 500 रुपये मांगने और नशे की हालत में अवैध रूप से जेल परिसर से बाहर जाने का आरोप है।