Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Bihar Politics: निर्विरोध राज्यसभा जाएंगे बिहार के सभी उम्मीदवार? इन चार दिग्गजों ने किया नामांकन

    Updated: Wed, 14 Feb 2024 08:05 PM (IST)

    बिहार से राज्यसभा की रिक्त छह सीटों पर चुनाव के लिए चार प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन कर दिया है। भाजपा से डॉ. भीम सिंह डॉ. धर्मशीला गुप्ता तो जदय ...और पढ़ें

    एनडीए और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने किया नामांकन। (फाइल फोटो)
    एनडीए और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने किया नामांकन। (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. भाजपा से भीम सिंह व धर्मशीला गुप्ता, जदयू से संजय झा और कांग्रेस से अखिलेश सिंह ने भरा पर्चा।
    2. राजद ने मनोज झा व संजय यादव को बनाया प्रत्याशी, आखिरी दिन गुरुवार को दोनों करेंगे नामांकन।

    राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार से राज्यसभा की रिक्त छह सीटों पर चुनाव के लिए बुधवार को चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया। भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री डॉ. भीम सिंह, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मशीला गुप्ता, जदयू की ओर से पूर्व मंत्री संजय झा ने पर्चा भरा। चौथा नामांकन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह का रहा।

    शेष दो सीटों के लिए राजद ने भी अपने प्रत्याशियों (मनोज झा और संजय यादव) की घोषणा कर दी है। गुरुवार को नामांकन के आखिरी दिन वे दोनों भी पर्चा भर देंगे।

    सातवें प्रत्याशी की गुंजाइश कितनी?

    दो धड़ों (राजग और महागठबंधन) में बंट चुकी बिहार की राजनीति में इन छह के अलावा सातवें प्रत्याशी की गुंजाइश नहीं के बराबर है। ऐसे में इन छह का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है। अखिलेश और मनोज दूसरी बार राज्यसभा के प्रत्याशी बने हैं। उच्च सदन में शेष चारों की यह पहली दावेदारी है।

    NDA की तरफ झुका है विस का पलड़ा

    243 सदस्यीय विधानसभा का पलड़ा अभी राजग की ओर झुका हुआ है। नीतीश सरकार के विश्वास मत के दौरान भी यह स्पष्ट हो चुका है। ऐसे में अपने खेमे को सहेज रखना है। प्रथम वरीयता के 35 मतों पर जीत का निर्णय होना है, जबकि विश्वास मत के दौरान ही राजद के तीन विधायक (नीलम देवी, चेतन आनंद और प्रह्लाद यादव) सत्ता पक्ष के पाले में जा चुके हैं।

    इन तीनों को लेकर विधानसभा में राजद के 79 सदस्य हैं। कांग्रेस के 19, वाम दलों के 16 और आइएमआइएम के एक विधायक को मिलाकर महागठबंधन की सदस्य संख्या 115 होती है। भाजपा के 78 , जदयू के 45 और हम के चार सदस्यों के साथ राजग के पक्ष में एक निर्दलीय भी है।

    खबरें और भी

    इन दिग्गजों को नहीं मिला टिकट

    भाजपा के सुशील मोदी, जदयू के बशिष्ठ नारायण सिंह व अनिल हेगड़े, राजद के मनोज झा व अशफाक करीम, जबकि कांग्रेस के अखिलेश अप्रैल में उच्च सदन से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्हीं सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। आवश्यकता पड़ने पर 27 फरवरी को मतदान कराया जा सकता है।

    निर्विरोध चुने जाएंगे सभी उम्मीदवार?

    नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 फरवरी है। सातवें प्रत्याशी के लिए गुंजाइश नहीं के बराबर है। ऐसे में मतदान की संभावना कम ही है। ऐसे में 20 फरवरी को ही सभी छह सदस्यों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा हो जाएगी।

    अभी राजद अपनी दो सीटें बरकरार रख रही है। वाम दलों के सहयोग से कांग्रेस भी अपनी एक सीट बचा रही है, जबकि भाजपा को पिछली बार से एक सीट का लाभ हो रहा और जदयू को एक का नुकसान।

    NDA प्रत्याशियों के नामांकन में मौजूद रहे ये दिग्गज

    राजग प्रत्याशियों के नामांकन के समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा, विधानसभा के भावी अध्यक्ष नंदकिशोर यादव व जदयू के निवर्तमान अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह आदि उपस्थित रहे।

    नामांकन के समय महागठबंधन की ओर से माले विधायक दल के नेता महबूब आलम और राजद की ओर से पूर्व विधायक भोला प्रसाद यादव उपस्थिति रहे। कांग्रेस आलाकमान की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर व बिहार के प्रभारी सचिव अजय कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    यह भी पढ़ें: Bihar Politics: RJD ने संजय यादव और मनोज झा को राज्यसभा चुनाव के लिए बनाया उम्मीदवार, अशफाक करीम का‍ टिकट कटा

    अश्लील वीडियो से शुरू हुआ हैवानियत का सिलसिला, नाबालिग के साथ एक साल तक दरिंदगी करते रहे 5 युवक; फिर...