बिहार में उच्च शिक्षा को नई उड़ान: 211 नए डिग्री कॉलेजों में आज से शुरू होगी पढ़ाई, CM सम्राट करेंगे उद्घाटन
बिहार के 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में आज से पढ़ाई शुरू हो रही है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर में करेंगे। इन कॉलेजों में ...और पढ़ें

211 नए डिग्री कॉलेजों में आज से शुरू होगी पढ़ाई, CM सम्राट करेंगे उद्घाटन
HighLights
आज से 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पढ़ाई शुरू।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर में करेंगे उद्घाटन समारोह।
पहले सत्र में छह विषयों की स्नातक पढ़ाई होगी प्रारंभ।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों (कॉलेजों) में बुधवार से पढ़ाई प्रारंभ होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में इन महाविद्यालयों में नए सत्र का उद्घाटन करेंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर एवं उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन समेत अन्य मंत्री मौजूद रहेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एन.के अग्रवाल ने मंगलवार को बताया कि नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पहले शैक्षिक सत्र 2026-30 की पढ़ाई प्रारंभ कराने की सारी तैयारियां हो चुकी हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले सत्र में जिन छह विषयों में स्नातक की पढ़ाई शुरू होगी उनमें अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र एवं समाजशास्त्र शामिल हैं। ये सभी बिना प्रायोगिक कक्षा वाले विषय हैं। इन छह विषयों में संबंधित विश्वविद्यालयों द्वारा शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।
उच्च शिक्षा निदेशक ने कहा कि प्रतिनियुक्ति के आधार पर प्रधानाचार्यों की तैनाती संबंधित विश्वविद्यालयों द्वारा पहले ही की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि बाद में इन कॉलेजों में आर्ट्स, साइंस एवं कॉमर्स के 16 विषयों की पढ़ाई होगी।
उन्होंने कहा कि जिन 16 विषयों की पढ़ाई होगी, उनमें से 15 विषयों में दो-दो शिक्षक होंगे। 16वां विषय वोकेशनल के रूप में होगा, जिसमें एक ही शिक्षक होंगे। हर नए डिग्री कॉलेज के लिए में शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी के 44 पद सृजित किए गए हैं। होंगे। इनमें प्रधानाचार्य सहित 32 सहायक प्राध्यापक एवं 12 शिक्षकेतर कर्मचारी होंगे।
बिहार सरकार के सात निश्चय-तीन के चौथे निश्चय उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य के तहत सभी प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया, ताकि छात्रों विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा हो।
अभी भी सभी 534 प्रखंडों में से 209 प्रखंडों में कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं है। बाद में तीन और प्रखंडों में एक-एक डिग्री महाविद्यालय और खोलने का फैसला लिया गया।
इससे नए महाविद्यालयों की संख्या 211 हो गई। अपना भवन एवं परिसर बनने तक सभी 211 नए महाविद्यालयों का संचालन संबंधित प्रखंडों के चयनित प्लसटू विद्यालयों एवं बुनियादी विद्यालयों के भवनों में होगा।
सभी महाविद्यालयों में भवन, कक्षा, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत, शौचालय, स्वच्छता, इंटरनेट एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जा चुकी हैं। इसके लिए हर कॉलेज पर 50 लाख रुपये दिए गए थे। बता दें कि पहले इन महाविद्यालयों में पहली जुलाई से पढ़ाई शुरू होनी थी।