Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    2100 रुपये में पटना की 10 मिनट की हवाई यात्रा, बुकिंग खुलते ही 3 दिनों की सीटें फुल

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 08:38 PM (IST)

    बिहार में 18 जुलाई से वीकेंड पर पटना, राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर के लिए हेलीकॉप्टर व छोटे विमान सेवा शुरू हो रही है। पटना की 10 मिनट की हवाई यात्रा ...और पढ़ें

    2100 रुपये में पटना की 10 मिनट की हवाई यात्रा (AI Generated Image)

    2100 रुपये में पटना की 10 मिनट की हवाई यात्रा (AI Generated Image)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    राज्य ब्यूरो, पटना। अब हर वीकेंड (शनिवार-रविवार) को पर्यटक हेलीकॉप्टर और छोटे विमान से पटना, राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर की हवाई यात्रा कर सकेंगे। इसकी शुरुआत 18 जुलाई से होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा सोमवार को टिकट बुकिंग की शुरुआत होते ही पर्यटकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।

    पहले ही दिन पटना शहर की हेलीकॉप्टर से जॉय राइड के तीन दिनों की सभी सीटें फुल हो गई हैं। पर्यटन विभाग के अनुसार, पटना में प्रति व्यक्ति 2100 रुपये में दस मिनट की हवाई यात्रा कराई जाएगी।

    इस दस मिनट के पटना परिदर्शन में पर्यटक गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्रीहरिमंदिरजी पटना साहिब गुरुद्वारा समेत शहर के सभी प्रमुख स्थलों का ऊपर से हवाई अवलोकन कर सकेंगे।

    पटना एयरपोर्ट से प्रत्येक सप्ताह शनिवार और रविवार को हेलीकॉप्टर से पटना परिदर्शन की व्यवस्था शुरू होने जा रही है। दोपहर तीन बजे के बाद इसकी उड़ान शुरू होगी।

    फिलहाल, हर 30 मिनट के अंतराल पर चार राइड की तैयारी है। इस हेलीकॉप्टर पर अधिकतम पांच लोग एक बार में बैठ सकेंगे। इसके अच्छे परिणाम मिलने पर राइड की समयसीमा और संख्या में बदलाव किया जाएगा।

    पांच हजार में वाल्मीकिनगर के लिए छोटी विमान सेवा:

    पर्यटक पटना से वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व तक कम समय में आरामदायक सफर छोटे वायुयान से कर सकते हैं। इसमें अधिकतम 20 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इसके एक तरफ का किराया प्रति यात्री पांच हजार रुपये है। यह सेवा सप्ताह में सिर्फ दो दिन शनिवार और रविवार को मिलेगी।

    यह विमान पटना एयरपोर्ट से सुबह 10 बजे और दोपहर तीन बजे वाल्मीकिनगर के लिए उड़ान भरेगा, जबकि उधर से इसकी वापसी की व्यवस्था सुबह 11 बजे और शाम 4:30 बजे होगी।

    राजगीर और कैमूर के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा पैकेज:

    राज्य के दो प्रमुख पर्यटन स्थलों राजगीर एवं कैमूर के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा पैकेज की शुरुआत की गई है। हेलीकॉप्टर पर अधिकतम पांच लोगों के बैठने की सुविधा होगी। राजगीर के लिए प्रति व्यक्ति चार हजार रुपये, जबकि कैमूर का प्रति व्यक्ति छह हजार रुपये किराया निर्धारित किया गया है।

    यह किराया सिर्फ एक तरफ हेलीकॉप्टर यात्रा का होगा। यह सेवा शनिवार-रविवार और रविवार-सोमवार दो दिनों के लिए उपलब्ध होगी। हेलीकॉप्टर से राजगीर और कैमूर पहुंचने के बाद दो दिनों का टूर पैकेज भी पर्यटन विभाग ने तैयार किया है। इसमें पर्यटकों की सुविधा के लिए दो दिन का टूर पैकेज भी पर्यटन विभाग ने लॉन्च किया है।

    खबरें और भी

    इसमें हेलीकॉप्टर के साथ होटल, एसयूवी गाड़ी, गाइड, लोकल टूर आदि की सुविधा को शामिल करते हुए अलग-अलग पैकेज बनाया गया है। यह पैकेज प्रति व्यक्ति 14,500 रुपये से लेकर 34,700 रुपये के बीच है।

    राजगीर के हेलीकॉप्टर की उड़ान सेवा सुबह 9:30 बजे पटना एयरपोर्ट से शुरू होगी और वापसी सुबह 10:30 बजे होगी।

    वहीं, कैमूर के लिए सुबह 11 बजे सेवा शुरू होगी और इसकी वापसी 12:45 बजे कैमूर से पटना के लिए होगी। हेलीकॉप्टर से पर प्रति व्यक्ति अधिकतम चार से पांच किलो वजन का सामान ले जाने की अनुमति होगी।

    इस तरह करवा सकते हैं बुकिंग:

    पटना में आर ब्लॉक के पास पर्यटन निगम के मुख्यालय होटल कौटिल्य विहार के काउंटर पर जाकर टिकट बुक करवा सकते हैं। इसके अलावा निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ऑनलाइन बुकिंग विंडो शुरू हो गई है, ताकि देश-विदेश के लोग भी आसानी से बुक करा सकें।

    सेवा की शुरुआत होते ही पहले दिन ही सभी सीटें बुक हो गई हैं। वेबसाइट पर सभी हेलीकॉप्टर सेवा के लिए बुकिंग की सुविधा शुरू होते ही तमाम सीटें भर गईं।