मनेर में अपराध और अवैध कारोबार पर लगेगा लगाम, सरकार ने दी 3 नए पुलिस ओपी को मंजूरी
बिहार सरकार ने मनेर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए तीन नए पुलिस आउटपोस्ट (ओपी) खोलने की मंजूरी दी है। ये ओप ...और पढ़ें

मनेर में 3 नए पुलिस ओपी को मंजूरी
HighLights
मनेर में तीन नए पुलिस आउटपोस्ट खोलने की मंजूरी।
शेरपुर, सराय, भवानी टोला में स्थापित होंगे नए ओपी।
अपराध नियंत्रण, अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा।
संवाद सूत्र, मनेर। बिहार सरकार ने मनेर थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन नए पुलिस आउटपोस्ट (ओपी) खोलने की मंजूरी दी है। ये नए ओपी शेरपुर, सराय और भवानी टोला में स्थापित किए जाएंगे, जिससे अपराध नियंत्रण और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि शेरपुर ओपी के लिए सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय के समीप भूमि उपलब्ध कराई गई है, जहां ओपी भवन का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पूर्व में कई बार लूटपाट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे यहां ओपी खुलने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण संभव होगा।
ओपी के अंतर्गरत आएंगे ये क्षेत्र
शेरपुर ओपी के अंतर्गत शेरपुर पूर्वी, शेरपुर पश्चिमी और सिंघाड़ा पंचायत आएंगे। सराय ओपी के माध्यम से सराय, बलुआं और बांक पंचायत की निगरानी की जाएगी। भवानी टोला ओपी के अधिकार क्षेत्र में कीता चौहत्तर मध्य, पूर्वी और पश्चिमी पंचायत शामिल होंगे, जहां कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।
तीनों ओपी के लिए भवन चयन की प्रक्रिया जारी है। सरकार ने अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है। सराय ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक रामानुज कुमार, शेरपुर ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार और भवानी टोला ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार को पदस्थापित किया गया है। नए ओपी शुरू होने के बाद क्षेत्र में पुलिस की त्वरित पहुंच बढ़ेगी और आम लोगों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था का लाभ मिलेगा।