Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के थाने में तौलिया पहनकर ड्यूटी कर रहे ASI का वीडियो वायरल, SP कुंदन कुमार ने कर दिया सस्पेंड

    By SABAL KISHOR SINGHEdited By: Radha Krishna
    Updated: Wed, 15 Jul 2026 08:32 PM (GMT+05:30)

    अथमलगोला थाने में तौलिया पहनकर फरियादी से आवेदन लेते हुए एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीण एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिय ...और पढ़ें

    HighLights

    1. अथमलगोला थाने में ASI का तौलिया पहनकर ड्यूटी का वीडियो वायरल।

    2. ग्रामीण एसपी ने सहायक अवर निरीक्षक अंजनी कुमार सिंह को निलंबित किया।

    3. जांच में वीडियो सही पाया गया, विभागीय कार्रवाई की भी अनुशंसा।

    संवाद सूत्र, अथमलगोला(पटना)। अथमलगोला थाना में ओडी टेबल पर अर्धनग्न अवस्था में एक फरियादी से आवेदन लेने वाले पुलिस पदाधिकारी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। ग्रामीण एसपी ने बुधवार को संबंधित पुलिस पदाधिकारी को निलंबित कर दिया।

    मामला मंगलवार सुबह का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अथमलगोला थाने के सहायक अवर निरीक्षक अंजनी कुमार सिंह तौलिया पहने हुए ही ओडी टेबल पर पहुंच गए थे।

    तौलिया पहनकर फरियादी से लिया आवेदन

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस पदाधिकारी ने इसी स्थिति में एक फरियादी से आवेदन प्राप्त किया। आवेदन लेने के कुछ ही देर बाद वह थाना परिसर के अंदर चले गए।

    हालांकि, इस दौरान थाने में एक महिला फरियादी भी अपने मामले की जानकारी लेने पहुंची हुई थी। उसने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया।

    महिला फरियादी ने बनाया वीडियो

    महिला द्वारा बनाया गया वीडियो मंगलवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।

    वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए।

    एसडीपीओ की जांच में सही पाया गया मामला

    ग्रामीण एसपी ने मामले की जांच की जिम्मेदारी बाढ़ एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव को सौंपी। एसडीपीओ ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की और अपनी रिपोर्ट ग्रामीण एसपी को भेजी।

    जांच रिपोर्ट में वीडियो को सही पाए जाने के बाद संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

    निलंबन के साथ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा

    ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने सहायक अवर निरीक्षक अंजनी कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

    इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय एवं अनुशासनिक कार्रवाई करने की भी अनुशंसा की गई है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेवा आचरण और अनुशासन से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    इसी तरह पटना के रामकृष्‍णानगर थाना क्षेत्र में नशे में धुत सिपाही का वीड‍ियो वायरल हुआ। खेमनीचक में एक स‍िपाही इस कदर नशे में था क‍ि उसे कुछ होश नहीं था।  

    वह सीढ़‍ी पर बैठा नशे में झूम रहा था। वह सिर भी नहीं उठा पा रहा था। इस दौरान क‍िसी ने इसका वीड‍ियो बनाकर वायरल कर दिया था।  

    सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे ले जाकर अस्‍पताल में जांच करवाई। शराब की पुष्‍ट‍ि हुई। इसके बाद उसपर एफआईआर की गई।