यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: 'नीतीश को PM उम्मीदवार कब बनाओगे?', BJP का सवाल, Lalu Yadav को बता दिया OBC आरक्षण विरोधी
भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा को लेकर गलत परसेप्शन बनाकर ओबीसी को डराया जाता रहा ...और पढ़ें

HighLights
- लालू यादव ओबीसी आरक्षण विरोधी- सम्राट चौधरी।
- तंज कसते हुए बोले- नीतीश को पीएम उम्मीदवार कब बनाओगे?।
राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश पदाधिकारियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने आरक्षण के प्रति पार्टी नेताओं को जागरूक किया। उन्होंने राजद के षडयंत्र के प्रति भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं को अगाह करते हुए कहा कि भाजपा को लेकर गलत परसेप्शन बनाकर ओबीसी को डराया जाता रहा है। वहीं, सच्चाई यह है कि राजद-कांग्रेस शुरू से ओबीसी आरक्षण का विरोधी रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जब भी सत्ता में रही तब आरक्षण का समर्थन किया है। सम्राट ने कहा कि राजद के नेता भले आरक्षण समाप्त नहीं करने का दावा करते हों लेकिन सच्चाई है कि लालू यादव सबसे बड़े ओबीसी आरक्षण विरोधी हैं।
आरक्षण सिर्फ परिवार के लिए
उन्होंने आगे कहा कि बिहार में राजद का 15 साल शासनकाल रहा, लेकिन उनके परिवार को छोड़कर एक भी ऐसा व्यक्ति दिखा दीजिए, जिसे उस काल में आरक्षण मिला हो। 1952 की बात हो या बिहार में कर्पूरी ठाकुर के शासनकाल हो, आरक्षण लागू हुआ तो उसमें भाजपा का समर्थन रहा। मंडल कमीशन भी तब पास हुआ जब भाजपा का समर्थन था।
राहुल पर भी किया जबरदस्त वार
आरक्षण को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। सम्राट ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कहते हैं कि आज ओबीसी वर्ग के मात्र तीन सचिव हैं, लेकिन इसका पाप भी कांग्रेस ने किया है। अगर मंडल कमीशन पहले पास हो जाता तो यह स्थिति नहीं होती।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर जयंती मनाई जाएगी। सभी जिले में जयंती समारोह मनाने के लिए तैयारी करने की अपील की।
महागठबंधन ने नीतीश को हमसे छीन लिया : सम्राट
इधर, बिहार भाजपा के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमें उम्मीद थी कि वह (नीतीश कुमार) पीएम उम्मीदवार बनेंगे। महागठबंधन के लोगों ने नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने की उम्मीद देकर हमसे छीन लिया, लेकिन अब उन्हें पीएम उम्मीदवार नहीं बनाया जा रहा है। चौधरी ने सवाल किया कि नीतीश को पीएम उम्मीदवार कब बनाओगे?