Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Land For Job Scam : लालू परिवार को मिली राहत, नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में कोर्ट ने दी जमानत

    By Jagran NewsEdited By: Mukul Kumar
    Updated: Wed, 04 Oct 2023 11:29 AM (IST)

    आज लैंड फॉर जॉब मामले में राजद प्रमुख लालू यादव की कोर्ट में पेशी थी। दिल्ली की एक अदालत ने नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में लालू यादव राबड़ी देवी ...और पढ़ें

    लालू यादव की नौकरी के बदले जमीन घोटाले में पेशी आज
    लालू यादव की नौकरी के बदले जमीन घोटाले में पेशी आज

    HighLights

    1. लैंड फॉर जॉब मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए लालू यादव
    2. 15 आरोपितों को 50000 के निजी मुचलके पर मिली जमानत

    डिजिटल डेस्क, पटना। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कथित नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में राजद प्रमुख लालू यादव(Lalu Yadav), राबड़ी देवी (Rabri Devi), बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) और राजद सांसद मीसा भारती (Misa Bharti) को जमानत दे दी है। इस मामले में अब अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को होगी।

    बताया जा रहा है कि इस मामले में अदालत ने राबड़ी, लालू और तेजस्वी यादव समेत 15 आरोपितों को 50000 के निजी मुचलके पर जमानत दी है। इसके अलावा अन्य दो आरोपियों ने बेल के लिए आवेदन नहीं दिया था। राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष न्यायधीश गीतांजलि गोयल के समक्ष सुनवाई हुई।

    नौकरी के बदले जमीन मामले (Land For Job Case) में बिहार के पूर्व सीएम और राजद प्रमुख लालू यादव, बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचे। इनके साथ राज्यसभा सांसद मिसा भारती और मनोज झा भी कोर्ट पहुंचे। 

    सुनवाई से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान लालू यादव ने कहा कि सुनवाई होती रहती है और वह इससे डरते नहीं हैं क्योंकि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है।

    बता दें कि 22 सितंबर को दिल्ली की एक अदालत ने नौकरी के बदले जमीन घोटाले मामले में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और 14 अन्य आरोपियों को समन जारी किया था।

    खबरें और भी

    सीबीआई ने हाल ही में कथित इस घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव समेत उनके बेटे तेजस्वी यादव और अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। सीबीआई ने 18 मई, 2022 को लालू यादव और उनकी पत्नी, दो बेटियों, अज्ञात लोक सेवकों और निजी व्यक्तियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

    आरोप यह लगाया गया था कि 2004-2009 के बीच तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री ने रेल विभाग के ग्रुप "डी" में नियुक्ति के बदले में अपने परिवार के सदस्यों आदि के नाम पर जमीन लेकर आर्थिक लाभ प्राप्त किया था। 

    वहीं, बिहार में जातीय गणना (Bihar Caste Census Report) की रिपोर्ट जारी होने के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसको लेकर पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर निशाना साधते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच, लालू यादव आज लैंड फॉर जॉब मामले में कोर्ट के समक्ष पेश होने वाले हैं।

    मंगलवार की रात दिल्ली में लालू ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। इसके अलावा, उन्होंने पूरे देश में जातीय गणना को लेकर आगे की रणनीति के बारे में खुलकर बात की।

    लालू बोले- सभी को मिलेगा लाभ

    मीडिया से बातचीत के दौरान लालू ने कहा कि बिहार में जातीय गणना हमलोगों ने करा दी है, अब यह पूरे देश में होना चाहिए। 

    लालू ने कहा कि जातीय गणना से पूरे देश में गरीबों और दलितों को लाभ होगा। इससे सभी को सही हक मिलेगा, अभी तक किसी को वाजिब हक नहीं मिलता था, अब जातीय गणना को लेकर आगे भी काम करना है।

    वहीं, जब मीडिया द्वारा पूछा गया कि अब आगे की क्या प्लानिंग है? क्या आरक्षण के दायरे को 50 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा? इसपर जवाब देते हुए लालू ने कहा कि संख्या के अनुरूप आरक्षण के दायरे को बढ़ाया जाएगा। 

    लालू बोले- भाजपा की हकमारी पकड़ में आई

    इसके अलावा, लालू यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा को भी घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लंबे समय तक लोगों का हक मारा है, अब उसकी हकमारी पकड़ में आई है।   

    यह भी पढ़ें- जाति गणना पर सवाल उठाने वालों को नीतीश के मंत्री का खुला चैलेंज, विपक्ष पर भी जमकर बरसे  

    गौरतलब है कि नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में आज दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई है। इसको लेकर लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पटना से दिल्ली पहुंच गए हैं। 

    यह भी पढ़ें- बिहार में जल्द होगी 70 हजार शिक्षकों की नियुक्ति, एक्शन में आए छुट्टी से लौटे KK Pathak