CM आवास और सचिवालय को उड़ाने की धमकी; बिहार में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे की हो रही जांच
बिहार के सीएम आवास, सचिवालय और चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और जां ...और पढ़ें

मुख्य सचिवालय में श्वान दस्ते के सहारे चल रहा सर्च ऑपरेशन।
HighLights
सीएम आवास, सचिवालय और चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी।
ग्रामीण विकास विभाग के ईमेल पर मिली यह धमकी।
सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, डॉग स्क्वायड से जांच।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के सीएम आवास और सचिवालय के साथ ही चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल से दी गई धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
धमकी देने वाले ने लिखा है कि 21 जुलाई की दोपहर 3:11 बजे पहले सचिवालय में बम धमाका होगा, उसके बाद रात 9:11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय और आवास को बम से उड़ा देंगे।
यह ईमेल मंगलवार सुबह 7:57 मिट पर ग्रामीण विकास विभाग के मेल पर आया। इसके बाद विभागीय संयुक्त सचिव रवि कुमार ने थाने में इसकी शिकायत की।
विधानमंडल के मानसून सत्र के बीच आई धमकी के बाद पुलिस मुख्यालय भी अलर्ट हो गया है। डॉग स्क्वायड के माध्यम से भी जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ता भी एक्टिव है।
मुख्य सचिवालय, ग्रामीण विकास विभाग में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

वर्मा का जिक्र कर दी धमकी
ईमेल अंग्रेजी में लिखा है, लेकिन इसकी भाषा पंजाबी है। इसमें सीएम सम्राट चौधरी को संबोधित करते हुए लिखा गया है, हाई कमिश्नर संजय वर्मा को पटना में छिपाया जा रहा है।
लेकिन खालिस्तान वाले निज्जर के साथी वर्मा को ढूंढ़कर पटना में ही मार डालेंगे। खालिस्तान वाले बच्चों के खिलाफ नहीं हैं। अपने बच्चों को बचा लो। निज्जर की हत्या संजय वर्मा ने की है। बताओ वह कहां है।
इसपर खालिस्तान नेशनल आर्मी और नीचे गुनारख सिंह, रुकन शाहवाला, डॉ. गुमिरवैर सिंह व खान राजादा नाम लिखा है।

इसके अलावा दानापुर के चार स्कूलों को भी बम से ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है। पुलिस हर जगह जांच में जुटी है।