विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई पीड़िता की तस्वीर शेयर करने के मामले में एक्शन, पटना के सचिवालय थाने में CMO कर्मी पर FIR दर्ज

Published: Fri, 25 Sep 2026 09:55 PM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2026 10:02 PM (IST)

जमुई में नाबालिग पीड़िता की तस्वीर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने के मामले में बिहार सीएमओ के कर्मचारी सागर प्रसाद के खिलाफ पटना में एफआईआर दर्ज की गई है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. सीएमओ कर्मचारी सागर प्रसाद पर एफआईआर दर्ज।

  2. जमुई नाबालिग पीड़िता की तस्वीर की थी सार्वजनिक।

  3. पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई।

डिजिटल डेस्क, पटना। जमुई जिले में नाबालिग लड़की और उसके साथी से हुई बदसलूकी मामले की पीड़िता तथा उसके परिजनों की तस्वीर सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'X' पर सार्वजनिक करने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है।

बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में तैनात कर्मचारी सागर प्रसाद के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है।

नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की और उसके साथी के साथ छेड़छाड़, मारपीट व अभद्र व्यवहार की घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी।

jamui photo share

हालांकि, 25 सितंबर 2026 को इस घटना से जुड़ी पीड़िता और उसके परिवार की तस्वीर सोशल मीडिया 'X' पर अपलोड कर दी गई, जो बाद में तेजी से वायरल हो गई। 

पॉक्सो एक्ट और कानूनी नियमों का उल्लंघन

पुलिस जांच में पाया गया कि यह तस्वीर CMO कार्यालय के आशुलिपिक सागर प्रसाद द्वारा 'X' प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की गई थी।

नाबालिग की पहचान उजागर करने और उसकी निजता तथा गरिमा को प्रभावित करने के कारण इसे लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम-2012 का सीधा उल्लंघन माना गया है।

इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला

सचिवालय थाने की सब-इंस्पेक्टर अमिता कुमारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 73, पॉक्सो एक्ट की धारा 23 और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 की धारा 66E/67 के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर (S.I.) सीमा कुमारी को सौंपी गई है, जो उपलब्ध डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी।

यह भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी के खिलाफ FIR दर्ज कराने थाने पहुंचीं मीसा भारती, पटना पुलिस ने नहीं लिया आवेदन

यह भी पढ़ें- जमुई कांड की पीड़िता की तस्वीर पर घमासान, तेजस्वी-मीसा ने CM सम्राट चौधरी को घेरा; FIR की मांग