एक क्लिक पर मिलेगा मरीज का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड, बिहार सरकार ने जारी किए डिजिटल हेल्थ योजना के लिए 66000000 करोड़
बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना के विस्तार के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 6.60 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस योजना से मरीजों को एक क्लिक पर ...और पढ़ें

पुरानी रिपोर्ट साथ लाने की जरूरत नहीं
HighLights
मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना के विस्तार हेतु 6.60 करोड़ रुपये जारी।
मरीजों का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड अब एक क्लिक पर उपलब्ध होगा।
टेलीमेडिसिन सेवाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ परामर्श संभव।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना को राज्यभर में विस्तार देने के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 6.60 करोड़ रुपये जारी किए हैं। नालंदा और मुजफ्फरपुर में सफल क्रियान्वयन के बाद अब इस योजना को चरणबद्ध तरीके से अन्य जिलों में लागू किया जा रहा है।
300 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत अब तक 175.11 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
एक क्लिक पर मिलेगा मरीज का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड
इस योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाना है। इसके तहत मरीजों का इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, जिससे डॉक्टर एक क्लिक पर उनकी बीमारी और इलाज का पूरा इतिहास देख सकेंगे। इससे इलाज और चिकित्सकीय परामर्श की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान होगी।
पुरानी रिपोर्ट साथ लाने की जरूरत नहीं
डिजिटल हेल्थ सिस्टम लागू होने के बाद मरीजों को अस्पताल में पुरानी पर्चियां और मेडिकल रिपोर्ट लेकर नहीं जाना पड़ेगा।
डॉक्टर ऑनलाइन रिकॉर्ड देखकर तुरंत इलाज शुरू कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
टेलीमेडिसिन से गांवों तक पहुंचेगी विशेषज्ञों की सलाह
योजना के तहत टेलीमेडिसिन सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। इससे दूरदराज और ग्रामीण इलाकों के मरीज घर के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
साथ ही अस्पतालों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की भी डिजिटल निगरानी होगी।
2022 में शुरू हुई थी योजना
मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य चालू वित्तीय वर्ष में इसके प्रमुख कार्यों को पूरा करना है।
विभाग के अनुसार अस्पतालों में डिजिटल आधारभूत ढांचे का विकास अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
डिजिटल हेल्थ में बिहार बना अग्रणी राज्य
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने और क्यूआर कोड आधारित ओपीडी पंजीकरण में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
बेहतर प्रदर्शन के लिए केंद्र सरकार राज्य की सराहना कर चुकी है और प्रोत्साहन राशि भी प्रदान कर चुकी है।