बिहार में दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर, निर्वाचन विभाग ने बनाई रणनीति
बिहार निर्वाचन विभाग ने दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें निर्वाचक सूची में जोड़ने हेतु एक बैठक आयोजित की। ...और पढ़ें

बिहार निर्वाचन विभाग। (सोशल मीडिया)
HighLights
दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने हेतु प्रपत्रों की जानकारी दी गई।
ईसीआई-नेट और सक्षम ऐप का एकीकरण किया गया।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल की अध्यक्षता में सोमवार को निर्वाचन विभाग, बिहार में स्टेट स्टीयरिंग कमेटी आन एक्सेसिबल इलेक्शन (एसएससीएई) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दिव्यांग मतदाताओं के नाम निर्वाचक सूची में जोड़ने, मतदान में उनकी भागीदारी बढ़ाने तथा उनसे जुड़ी चुनौतियों और समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।
उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ली जानकारी
उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रत्नांबर निलय ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6, नाम विलोपित करने के लिए प्रपत्र-7 तथा निवास परिवर्तन, प्रविष्टि सुधार, ईपीआईसी बदलने एवं दिव्यांग मतदाता के रूप में अंकन के लिए प्रपत्र-8 भरना होगा।
ये सभी प्रपत्र आयोग के आधिकारिक वेबसाइट और ईसीआइनेट एप ऐप पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा बीएलओ, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालयों में भी ये प्रपत्र उपलब्ध कराए गए हैं।
रणनीति पर हुई चर्चा
बैठक में विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों से जुड़े दिव्यांग मतदाताओं का विस्तृत डाक्यूमेंटेशन करने का सुझाव दिया गया। साथ ही समाज कल्याण विभाग के माध्यम से पंजीकृत गैर सरकारी संगठनों और सिविल सोसाइटी संगठनों को मतदान प्रक्रिया से अधिक से अधिक जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में ईसीआई-नेट प्लेटफार्म की भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह एकीकृत प्लेटफार्म है, जिसमें निर्वाचन आयोग की विभिन्न सेवाओं को जोड़ा गया है।
दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए सक्षम एप को भी अब ईसीआई-नेट से जोड़ दिया गया है। जनसंपर्क पदाधिकारी रंजीत रंजन भी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- बिहार में सीधे बड़ी कंपनियों को सब्जी बेचेंगे किसान, वेजफेड के जरिए ₹100 करोड़ के MOU पर साइन