Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में सीधे बड़ी कंपनियों को सब्जी बेचेंगे किसान, वेजफेड के जरिए ₹100 करोड़ के MOU पर साइन

    Updated: Mon, 25 May 2026 10:06 PM (GMT+05:30)

    पटना में आयोजित राज्यस्तरीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में सब्जी उत्पादक संघों और कंपनियों के बीच 100 करोड़ रुपये के कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। ...और पढ़ें

    सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव। (सोशल मीडिया)

    सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव। (सोशल मीडिया)

    HighLights

    1. 100 करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर।

    2. किसानों को सीधे बाजार से जोड़ा जाएगा।

    3. बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने का लक्ष्य।

    राज्य ब्यूरो, पटना। सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने सोमवार को दीपनारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान में राज्यस्तरीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का उद्घाटन किया।

    उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन राज्य के सब्जी उत्पादक किसानों को संगठित बाजार व्यवस्था से जोड़ने, किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने तथा संस्थागत सब्जी विपणन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

    इस दिशा में बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा किसानों को प्रसंस्करण सुविधाओं एवं बड़ी कंपनियों से सीधे जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

    100 करोड़ के MOU पर सिग्नेचर

    सम्मेलन में कंपनियों एवं सब्जी उत्पादक संघों के बीच व्यवसायिक चर्चा हुई और इनके बीच करीब 100 करोड़ रुपये के कई महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुआ।

    मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बिहार के सब्जी उत्पादक किसानों को एवं सब्जी संघों के माध्यम से होटल, रिटेल श्रृंखलाओं, प्रसंस्करण इकाइयों एवं अन्य संस्थागत खरीदारों से सीधे जोड़ना है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके तथा बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो।

    वर्तमान में वेजफेड के माध्यम से वैशाली जिले के लालगंज स्थित हिंदुस्तान यूनिलीवर इकाई, मदन डेरी सहित विभिन्न संस्थानों को सब्जियों की नियमित आपूर्ति की जा रही है।

    सम्मेलन में पहुंचे सब्जी संघ के अध्यक्ष

    सम्मेलन में एचयूएल, नेचर फरास्ट, टेक्निको, हिंदुस्तान यूनिलिवर, जैन एरिगेशन, किविसा एग्रो, प्रकाशश्री एग्रो, टेक समेत कई कंपनियों के प्रतिनिधियों, सब्जी संघ हरित, तिरहुत, मिथिला, मगध, भागलपुर, मुंगेर, सारण एवं शाहाबाद के सब्जी संघ के अध्यक्षों, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों ने भाग लिया।

    हरित सब्जी संघ ने नेचर फरास्ट एवं हरिलाल, के साथ एमओयू हुआ। तिरहुत सब्जी संघ का नेचर फरास्ट, मंडी मित्रा एवं सरेजा फूड के साथ समझौता हुआ।

    कार्यक्रम में विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, निबंधक, रजनीश कुमार सिंह, अपर सचिव अभय कुमार सिंह, वेजफेड के प्रबंध निदेशक डॉ. गगन समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में सम्राट चौधरी का नया 'पावर सेंटर': जिस VVIP बंगले में रहते थे नीतीश, अब वहीं से चलेगी बिहार की सियासत

    यह भी पढ़ें- लालू-तेजस्वी पहली बार गाजियाबाद में दे रहे भोज, ममता-राहुल और अखिलेश को न्योते की Inside Story