बिहार में छापामारी के दौरान इंजीनियर की पत्नी ने घर के पीछे फेंका नोटों से भरा बैग, SVU ने बरामद किए 31 लाख रुपये कैश
बिहार में विशेष निगरानी इकाई ने पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की। इस ...और पढ़ें
-1793786798531_m.webp)
पटना के दो ठिकानों पर खंगाले जा रहे दस्तावेज
HighLights
अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के ठिकानों पर एसवीयू की छापेमारी हुई।
पत्नी ने घर के पीछे फेंका नोटों से भरा बैग, टीम ने बरामद किया।
छापेमारी में 31.42 लाख नकद, करोड़ों की बेनामी संपत्ति मिली।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की कार्रवाई में एक सरकारी इंजीनियर की करोड़ों की कथित बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है। सहरसा के पथ निर्माण अंचल में तैनात अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के पटना, सहरसा और औरंगाबाद स्थित पांच ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापेमारी की गई।
इस दौरान सबसे चौंकाने वाला मामला पटना के दानापुर स्थित गोला रोड आवास पर सामने आया। यहां छापेमारी करने पहुंची टीम को देखकर इंजीनियर की पत्नी ने पहले दरवाजा नहीं खोला।
इसी बीच उन्होंने घर के पीछे करीब साढ़े आठ लाख रुपये से भरा बैग फेंक दिया। हालांकि, निगरानी टीम ने तुरंत बैग बरामद कर लिया। तलाशी के दौरान कुल 31.42 लाख रुपये नकद और 23.23 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण मिले।
पत्नी ने घर के पीछे फेंका नोटों से भरा बैग, टीम ने तुरंत पकड़ा
एसवीयू की टीम जब दानापुर के गोला रोड स्थित साई शरणम आवास पहुंची तो इंजीनियर की पत्नी रानी कुमारी ने दरवाजा नहीं खोला। इसी दौरान उन्होंने घर के पीछे नोटों से भरा एक बैग फेंक दिया।
बैग में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां थीं। इसमें करीब 8.50 लाख रुपये रखे हुए थे। निगरानी टीम ने बैग को तुरंत बरामद कर लिया। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खुलवाकर अधिकारी घर के अंदर पहुंचे और तलाशी शुरू की।
के दौरान आवास से कुल 31.42 लाख रुपये नकद और 23.23 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
3.28 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा
विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, शुरुआती जांच में अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के पास आय से 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार रुपये अधिक संपत्ति होने की जानकारी मिली है।
यह उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 139 प्रतिशत अधिक बताई गई है। जांच एजेंसी ने इस मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। छापेमारी के दौरान इंजीनियर अपने आवास पर मौजूद नहीं थे।
एसवीयू की टीम देर शाम तक उनके आवास पर जांच में जुटी रही। एजेंसी का कहना है कि संपत्तियों के मूल्यांकन और दस्तावेजों की जांच के बाद आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
गोला रोड में 1.75 करोड़ का छह मंजिला मकान
जांच में इंजीनियर और उनकी पत्नी के नाम पर करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति का भी पता चला है। एसवीयू के मुताबिक, पटना के गोला रोड स्थित वास्तुगंगा कॉलोनी में 1.75 करोड़ रुपये की लागत का छह मंजिला मकान मिला है।
इसके अलावा इसी इलाके में करीब 75 लाख रुपये की लागत वाला तीन मंजिला मकान भी है। दोनों मकानों की कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये बताई गई है।
इसके अतिरिक्त पटना के पाटलिपुत्र स्थित महेश नगर की प्रेमा रेजिडेंसी में फ्लैट और दानापुर के सहजादपुर में जमीन के दस्तावेज भी मिले हैं। पत्नी रानी कुमारी के नाम पर गोला रोड के रामजयपाल नगर में दो भूखंड होने की जानकारी भी सामने आई है।
बैंक खातों में 1.29 करोड़ रुपये, एक दर्जन से अधिक खातों की जांच
एसवीयू की जांच में विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर भारतीय स्टेट बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत विभिन्न बैंकों में एक दर्जन से अधिक खाते मिले हैं।
शुरुआती सत्यापन में बैंक खातों और सावधि जमा (एफडी) में करीब 1.29 करोड़ रुपये की रकम होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा दो अन्य बैंक खातों में भी करीब 10 लाख रुपये जमा मिले हैं।
एचडीएफसी बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। इन खातों में हुए लेन-देन की जांच की जा रही है। भारतीय जीवन बीमा निगम और टाटा एआईजी में निवेश से जुड़े कागजात भी मिले हैं।
स्कॉर्पियो और आई-10 कार समेत कई संपत्तियों के दस्तावेज मिले
छापेमारी के दौरान इंजीनियर और उनकी पत्नी के नाम पर जमीन, मकान और फ्लैट के अलावा वाहनों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। एसवीयू के अनुसार, विजय कुमार के नाम पर एक स्कॉर्पियो और एक आई-10 कार निबंधित है।
जांच एजेंसी अब इन संपत्तियों के स्रोत और खरीद में खर्च की गई रकम का सत्यापन कर रही है। विजय कुमार ने 22 दिसंबर 2004 को सरकारी सेवा में योगदान दिया था। इसके बाद वह पटना, गया और सहरसा समेत कई स्थानों पर पदस्थापित रहे हैं।
पटना से सहरसा और औरंगाबाद तक पांच ठिकानों पर छापेमारी
विशेष निगरानी इकाई ने बुधवार को एक साथ पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें दानापुर के गोला रोड स्थित साई शरणम आवासीय परिसर, सहरसा स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय और उनका आवासीय परिसर शामिल हैं।
इसके अलावा औरंगाबाद के दाउदनगर की ब्राह्मण टोली स्थित पैतृक आवास और पटना के पाटलिपुत्र स्थित महेश नगर की प्रेमा रेजिडेंसी के फ्लैट नंबर 303 में भी तलाशी ली गई।
जांच एजेंसी को उम्मीद है कि दस्तावेजों और बैंक खातों की विस्तृत जांच के बाद संपत्ति से जुड़े कई और खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार में DPO रूबी कुमारी पर 2.45 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप, पति समेत 4 ठिकानों पर EOU का छापा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।