पटना से नोएडा तक प्रॉपर्टी, JCB-DJ और जवाहरात... बिहार में शिक्षा विभाग के अफसर के पास अकूत दौलत का खुलासा
आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के पटना और बेगूसराय स्थित ठिकानों पर छापेमारी की।
-1787204935087_m.webp)
शिक्षा के विभाग के अधिकारी के घर छापामारी। फोटो जागरण
HighLights
ईओयू ने बिहार शिक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह के ठिकानों पर छापा मारा।
आय से 3.43 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ।
25.58 लाख नकद, 51 लाख के गहने और नोएडा फ्लैट के दस्तावेज मिले।
जागरण संवाददाता, पटना। आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गुरुवार को बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बी-बोस) के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के पटना एवं बेगूसराय के तीन ठिकानों पर छापेमारी की। वह बिहार शिक्षा सेवा के अधिकारी हैं।
ईओयू के अनुसार, प्रथमदृष्टया उप-निदेशक के पास आय से तीन करोड़ 43 लाख रुपये की अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। यह उनके ज्ञात आय से 90 प्रतिशत अधिक है।
छापेमारी के दौरान 25 लाख 58 हजार रुपये नकद और 51 लाख से अधिक मूल्य के गहने भी बरामद हुए हैं। यह नकद रुपये 500-500 की गड्डियां बनाकर रखे थे।
ईओयू ने गुरुवार की सुबह उप-निदेशक के पटना के खाजपुरा आवास एवं मीठापुर के सरकारी कार्यालय के साथ बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में परोरा गांव स्थित पैतृक आवास की तलाशी ली। पैतृक आवास से अजय कुमार सिंह के पिता के नाम पर 11 डीड बरामद हुए हैं, जिनका सत्यापन कराया जा रहा है।
इसके साथ 15 लाख 50 हजार रुपये नकद और साढ़े नौ लाख मूल्य के ज्वेलरी की इन्वेंट्री मिली। इसमें साढ़े पांच लाख रुपये आभूषण खरीद की रसीद भी बरामद हुई है। पैतृक आवास से दो जेसीबी, दो ट्रैक्टर, एक बोलेरो और एक बड़ा डीजी सेट मिला है, जिसका सत्यापन कराया जा रहा है।
वहीं, पटना के खाजपुरा में आकाशवाणी रोड स्थित चंद्रतारा भवन में छापेमारी के दौरान दस लाख 38 हजार रुपये नकद और 41 लाख 81 हजार रुपये मूल्य की ज्वेलरी मिली है। इसमें दस लाख रुपये के आभूषण पटना के अलंकार ज्वेलर्स से खरीदे जाने की रसीद मिली है।
इसके साथ ही उत्तरप्रदेश के नोएडा सेक्टर 142 में 1442 वर्गफीट का फ्लैट बुक किए जाने से संबंधित कागजात भी बरामद किए गए हैं। इसमें करीब 60 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।
पटना में आलीशान मकान, साज-सज्जा पर खर्च की होगी जांच
पटना के खाजपुरा का आलीशान मकान भूतल के साथ दो मंजिला है, जिसकी साज-सज्जा पर बड़ी राशि खर्च की गई है। ईओयू की टीम मकान की सजावट पर हुई खर्च का मूल्यांकन करेगी।
ईओयू के अनुसार, बरामद एवं जब्त दस्तावेजों का अवलोकन किया जा रहा है, इसमें आय से अधिक संपत्ति में वृद्धि होने की पूरी संभावना है।
अजय कुमार सिंह ने बिहार शिक्षा सेवा के जरिए वर्ष 2005 में अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी के पद पर योगदान दिया था। उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई और दर्ज कांड की जानकारी शिक्षा विभाग को भी भेजी जा रही है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर से कारोबारी की किडनैपिंग, यूपी ले जाकर मांगी ₹10 लाख की फिरौती; पुलिस ने 6 घंटे में किया रेस्क्यू
