बिहार में पहली बार होगा ब्रूडर फिश का उत्पादन, मुख्यमंत्री स्म्राट चौधरी करेंगे शुभारंभ
बिहार में जल्द ही सीतामढ़ी में 10.92 करोड़ की लागत से बना पहला फिश ब्रूड बैंक शुरू होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 8 अगस्त को करेंगे। ...और पढ़ें

सीतामढ़ी में बिहार का पहला फिश ब्रूड बैंक तैयार, 8 अगस्त को मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
HighLights
सीतामढ़ी में बिहार का पहला फिश ब्रूड बैंक तैयार।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 8 अगस्त को करेंगे इसका शुभारंभ।
गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज से बढ़ेगा मछली उत्पादन, रोजगार।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में जल्द ही ब्रूड बैंक से फिश ब्रूड का उत्पादन एवं उन्नत मत्स्य बीज का वितरण प्रारंभ होने वाला है। सीतामढ़ी में 10.92 करोड़ रुपये की लागत से बिहार का पहला फिश ब्रूड बैंक यानी मछलियों का बीज बैंक बनकर तैयार हो गया है।
इसका शुभारंभ आठ अगस्त को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। फिश ब्रूड का उत्पादन शुरू हो जाने से हैचरी संचालकों को राज्य में सस्ती दर पर गुणवत्तापूर्ण प्रजनक मछली बीज उपलब्ध हो सकेगा।
सीतामढ़ी में बना फिश ब्रूड बैंक प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत बनाया गया है। यह करीब 40 एकड़ में फैला हुआ है। 2020 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका शिलान्यास किया था।
पहले बिहार के हैचरी संचालक प्रजनक मछलियां और मत्स्य बीज नदी, मान, जलाशय आदि प्राकृतिक संसाधनों से लाते थे। ऐसे बीज में आनुवंशिक दोष की संभावना अधिक रहती थी, जिससे मछलियों की वृद्धि कम और मृत्यु दर अधिक होती थी।
इस ब्रूड बैंक में आधुनिक वैज्ञानिक तरीके से स्वस्थ, बड़े और आनुवंशिक रूप से उन्नत मछलियों (ब्रूडर्स) को तैयार किया जाएगा। पहल से गुणवत्तापूर्ण और रोग-मुक्त बीज तैयार होगा।
सीतामढ़ी के डुमरा अंचल स्थित राघोपुर बखरी में इसे नीली क्रांति के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, इससे प्राकृतिक संसाधनों से प्रजनक संग्रहण पर निर्भरता कम होगी। तकनीक और अद्यतन प्रणाली पर आधारित यह ब्रूड बैंक लोगों को रोजगार के साथ-साथ बेहतर आर्थिक संबल भी प्रदान करेगा।
यहां 40 एकड़ में कई बड़े ब्रूड स्टाक तालाब, नर्सरी पांड और रियरिंग पांड बनाए गए हैं। साथ ही केंद्र पर मत्स्य बीज हैचरी की भी स्थापना की गई है, जिससे मत्स्य पालकों को गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
खबरें और भी
मुख्य रूप से भारतीय मेजर कार्प - रोहू, कतला, मृगल, जयंती रोहू, कामन कार्प, अमृत कतला, अमूर कार्प के साथ-साथ मछलियों की अन्य प्रजातियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय स्तर पर सस्ता और शुद्ध बीज उपलब्ध होने से न सिर्फ मछली उत्पादन एवं रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि निर्यात को भी प्रोत्साहन मिलेगा और बाहरी राज्यों पर मत्स्य बीज की निर्भरता में कमी आएगी। भविष्य में यह फिश ब्रूड बैंक मिट्टी जांच, पानी जांच, प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।