रूफटॉप सोलर पर कैबिनेट की मंजूरी, बिहार में उपभोक्ताओं को 20 हजार रुपये तक अतिरिक्त मदद; 3 किलोवाट पर 98 हजार तक लाभ
बिहार सरकार ने रूफटॉप सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत राज्य सरकार प्रति किलोवा ...और पढ़ें

रूफटॉप सोलर लगाने पर उपभोक्ताओं को मिलेगी 20 हजार रुपये तक अतिरिक्त सहायता
HighLights
बिहार सरकार ने रूफटॉप सोलर पर अतिरिक्त सहायता को मंजूरी दी।
प्रति किलोवाट 10 हजार, अधिकतम 20 हजार रुपये की मदद मिलेगी।
3 किलोवाट पर कुल 98 हजार रुपये तक का लाभ संभव।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र की सहायता के अतिरिक्त राज्य सरकार प्रति किलोवाट 10 हजार रुपये, अधिकतम 20 हजार रुपये की सहायता देगी।
3 किलोवाट पर कुल 98 हजार रुपये तक लाभ
एक किलोवाट के सोलर प्लांट पर कुल 40 हजार रुपये की सहायता मिलेगी, जिसमें केंद्र के 30 हजार और राज्य के 10 हजार रुपये होंगे।
दो किलोवाट पर कुल 80 हजार रुपये मिलेंगे। वहीं तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के प्लांट पर अधिकतम 98 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। इसमें केंद्र के 78 हजार और राज्य के 20 हजार रुपये शामिल हैं।
कम ब्याज पर दो लाख तक ऋण की सुविधा
योजना के तहत तीन किलोवाट तक के सोलर सिस्टम के लिए बिना गारंटी 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर दो लाख रुपये तक बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है।
राज्य की अतिरिक्त सहायता से उपभोक्ताओं पर शुरुआती खर्च का बोझ कम होगा। सरकार को उम्मीद है कि इससे अधिक परिवार सौर ऊर्जा अपनाने के लिए आगे आएंगे।
पांच लाख परिवारों को मिलेगा लाभ
राज्य सरकार की सहायता पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर अधिकतम पांच लाख पात्र आवासीय उपभोक्ताओं तक सीमित रहेगी।
इस योजना से सरकार पर अधिकतम एक हजार करोड़ रुपये का वित्तीय भार आने का अनुमान है। बिहार में अब तक करीब 26 हजार उपभोक्ताओं के परिसरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें- सम्राट कैबिनेट में 10 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर, युवाओं के रोजगार और उच्च शिक्षा पर बड़े फैसले