विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में शराब पार्टी के बाद 4 मौतों से एक्शन में पुलिस, 42 लोग हिरासत में; 5वें शख्स की तलाश तेज

Published: Tue, 01 Sep 2026 07:46 AM (IST)

बाढ़ के बेढ़ना गांव में शराब पार्टी के बाद चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों ...और पढ़ें

4 मौतों से एक्शन में पुलिस

4 मौतों से एक्शन में पुलिस

HighLights

  1. बाढ़ में शराब पार्टी के बाद चार लोगों की दुखद मौत।

  2. पुलिस ने तीन गिरफ्तार किए, 42 अन्य हिरासत में लिए गए।

  3. पांचवें संदिग्ध की तलाश जारी, मौत का कारण पोस्टमार्टम बताएगा।

संवाद सहयोगी, बाढ़। बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव के सैदपुर टोला में शराब पार्टी के बाद चार लोगों की मौत मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बाढ़ थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं विशेष अभियान चलाकर 42 शराब बिक्रेता व पीने वाले को भी पकड़ा गया है। 

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। जांच के लिए स्पेशल टीम गठित किया गया है। टीम ने चारों के दोस्तों से भी पूछताछ की है वहीं 20 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है। 

पांच लोगों के मौजूद होने की बात

बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह के अनुसार, पुलिस जांच में कथित शराब पार्टी के दौरान चार नहीं, बल्कि पांच लोगों के मौजूद होने की बात सामने आई है। बताया गया कि पांचवां व्यक्ति शराब नहीं पी रहा था, जबकि उसके ग्लास में शराब रखी हुई थी। घटना के बाद पुलिस पांचवें व्यक्ति की तलाश में जुटी थी। 

इसी बीच यह जानकारी सामने आई कि पुलिस ने उमानाथ इलाके से विक्की कुमार नामक युवक को हिरासत में लिया है। हालांकि इसकी पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उसकी भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना के बाद मद्य निषेध विभाग की टीम ने भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी की।

दूसरे दिन बेढ़ना गांव में पसार मातम, एक साथ जलीं चार अर्थियां

रविवार की घटना के बाद सोमवार को गांव में मातम पसरा रहा। सती स्थान गंगा घाट पर जब एक साथ चार अर्थियां पहुंचीं और चार चिताएं जलीं तो स्वजन और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। मृतक निशु राज के पिता राजीव कुमार सिंह ने अपने बेटे की चिता को मुखाग्नि दी। 

एक साथ चार परिवारों पर टूटे दुख ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। चारों मृतकों के अंतिम संस्कार के दौरान गंगा घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे। किसी की आंखों में आंसू थे तो कोई अपनों को खोने के सदमे में खामोश था। घटना के बाद से बेढ़ना गांव में हर तरफ इसी मामले की चर्चा है। 

तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना घर पहुंची

मृतक पंकज के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी भतीजी के अनुसार, पंकज चार भाइयों में से एक था और उसके दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। रविवार को वह घर से चिकन खाने के बाद दलान जाने की बात कहकर निकला था। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना घर पहुंची। 

मृतकों में शामिल निशु राज की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उसका महज दो साल का इकलौता बेटा सोमवार को दादा की गोद में सिमटा नजर आया। मासूम को शायद यह भी अहसास नहीं कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। निशु की पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। 

पिता राजीव कुमार सिंह ने कहा कि इतने छोटे बच्चे की जिम्मेदारी अब कौन संभालेगा। उन्होंने सरकार से बच्चे के पालन-पोषण और भविष्य के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।

मछली, रोटी और शराब की बोतल बरामद, मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलेगा

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मछली, रोटी और शराब की बोतल बरामद की गई है। चारों की मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसका निर्णायक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। ग्रामीणों के बीच भोजन में किसी जहरीले पदार्थ के मिलाए जाने की चर्चा भी है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हालांकि इन सभी की घटना में क्या भूमिका है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मौके पर पहुंचे मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें- पटना में शराब पार्टी के बाद चार मौतों की गुत्थी उलझी, पांचवें गिलास ने बढ़ाया रहस्य; डॉक्‍टर ने द‍िए ये संकेत