बिहार के नए डिग्री कॉलेजों में नामांकन के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन, मेरिट लिस्ट से मिलेगा प्रवेश
नए डिग्री कॉलेजों में प्रवेश के लिए छात्रों को विश्वविद्यालय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसमें 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी की जा ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
नए डिग्री कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य होगा।
नामांकन 12वीं के अंकों की मेरिट लिस्ट पर आधारित।
शुरुआत में छह विषयों में पढ़ाई होगी, कक्षाएं 1 जुलाई से।
राज्य ब्यूरो, पटना। नये डिग्री कॉलेजों में नामांकन के लिए छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन फार्म में अपनी पसंद के कॉलेजों को प्राथमिकता क्रम में चुनाव करना होगा। 12वीं कक्षा के अंकों (मेरिट लिस्ट) के आधार पर विश्वविद्यालय प्रथम मेरिट लिस्ट जारी करेगा।
यदि नाम पहली सूची में नहीं आता है, तो दूसरी या तीसरी मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन होगा। नामांकन मई से जून तक होगा और एक जुलाई से कक्षाएं संचालित होंगी।
जो कॉलेज जिस विश्वविद्यालय के अंतर्गत आएंगे, उस विश्वविद्यालय द्वारा नामांकन की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नये डिग्री कॉलेजों में ऑनलाइन नामांकन की पूरी प्रक्रिया बिल्कुल अंगीभूत महाविद्यालयों की तर्ज पर अपनायी जाएगी।
6 विषयों की होगी पढ़ाई
स्नातक सत्र 2026-30 में छह विषयों में पढ़ाई प्रारंभ होगी, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय शामिल है।
सीटों का निर्धारण और शिक्षकों की तैनाती को लेकर दिशा-निर्देश जल्द ही जारी होगा। कॉलेजों में उपलब्ध आधारभूत संरचना के आधार पर प्रत्येक विषय में 120 से 180/240 सीटों का निर्धारण करने की प्रस्तावित योजना है।
इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशक प्रो.डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि नामांकन शूल्क और सीटों से लेकर शिक्षकों की तैनाती को लेकर विभागीय स्तर पर मंथन किया जा रहा है। जैसे ही सबकुछ तय होगा, उसकी अधिसूचना जारी की जाएगी।