बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर सेवा, नए कनेक्शन से लेकर बिल भुगतान सब होगा ऑनलाइन
ऊर्जा सचिव अजय यादव ने बिहार विद्युत कंपनी की डिजिटल परियोजनाओं जैसे आरएमएस, ईआरपी और सुविधा बिहार ऐप की समीक्षा की। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
ऊर्जा सचिव ने डिजिटल परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
उपभोक्ताओं को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, पटना। ऊर्जा सचिव-सह-अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड, अजय यादव ने सोमवार को आरएमएस, ईआरपी, सुविधा बिहार एप, साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर तथा बिजली कंपनी की अन्य डिजिटल परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल सहित बिहार विद्युत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान ऊर्जा सचिव ने कहा कि डिजिटल प्रणालियों के प्रभावी उपयोग से कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने सभी कार्यालयों में ई-आफिस प्रणाली को अपनाने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न डिजिटल परियोजनाओं की कार्यप्रणाली एवं प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गयी। आरएमएस के माध्यम से राजस्व संग्रहण, बिलिंग, वसूली तथा वित्तीय निगरानी से संबंधित कार्यों का आकलन किया गया।
ईआरपी के अंतर्गत मानव संसाधन, वित्त, सामग्री प्रबंधन, खरीद, लेखा एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के एकीकृत एवं डिजिटल संचालन की प्रगति की समीक्षा की गई।
नागरिक सेवाओं की समीक्षा
इसी प्रकार सुविधा बिहार एप के माध्यम से उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं, शिकायत निवारण, बिल भुगतान, नए विद्युत कनेक्शन तथा अन्य नागरिक सेवाओं की स्थिति का आकलन किया गया।
बैठक में साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर की कार्यप्रणाली की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विद्युत क्षेत्र से जुड़े आईटी एवं ओटी (ऑपरेशनल टेक्नोलॉजी) नेटवर्क की चौबीस गुना सात साइबर निगरानी, संभावित साइबर खतरों की समय रहते पहचान, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा सूचना सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी डिजिटल परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि तकनीक आधारित सेवाओं का लाभ उपभोक्ताओं तक शीघ्र एवं पारदर्शी रूप से पहुंच सके और विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो।