यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Weather: बिहार को भीषण गर्मी से मिलेगी राहत! इन इलाकों में 4 दिन बारिश का यलो अलर्ट
बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं आगामी 7 से 10 अप्रैल तक एक बार फिर प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर देखने को मिलेगा। कई ...और पढ़ें

HighLights
- पछुआ से मौसम रहेगा शुष्क, 7-10 अप्रैल तक गरज-तड़क के साथ बारिश के आसार
- शुक्रवार को 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ राजधानी का अधिकतम तापमान
- 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather Today: बिहार के मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच अप्रैल के पहले पखवाड़े तक मौसम और तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर गरज-तड़क के साथ बारिश होने की संभावना है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का दिखेगा असर
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पूर्वोत्तर असम व इसके आसपास चक्रवातीय हवा का परिसंचरण बना हुआ है। आठ अप्रैल को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा।
इन सभी मौसमी कारणों की वजह से सात से 10 अप्रैल के बीच उत्तर पूर्व बिहार, पटना समेत दक्षिण मध्य बिहार एवं दक्षिण पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। साथ ही 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी।
इन जगहों पर बारिश होने की संभावना
सात अप्रैल को सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार एवं दक्षिण पूर्व भागों के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया में गरज-तड़क के साथ 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ चलने के साथ वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। आठ अप्रैल को भी कुछ इसी प्रकार की स्थिति बने रहने की संभावना है।
शुक्रवार को गोपालगंज रहा सबसे ज्यादा गर्म
शुक्रवार को पटना व आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से मौसम सामान्य बना रहा। पटना का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में प्रदेश का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
खबरें और भी
शुक्रवार को भोजपुर, सासाराम, औरंगाबाद, अरवल, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई व बांका को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। आने वाले दिनों में बारिश होने के बाद भी तापमान में ज्यादा कमी आने की संभावना नहीं है।