Updated: Thu, 10 Apr 2025 07:38 AM (IST)
Bihar Weather बिहार के मौसम में अचानक बदलाव आया है। जिसके चलते कई जिलों में दो दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। वहीं बिजली गिरने से कई जिलों में लोग ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News: पूर्वोत्तर आसाम व इसके आसपास हवा के चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बने होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है।
इसके चलते अब बिहार के 8 जिलों में गरज के साथ मूसलाधार बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
इन 8 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान आठ जिलों किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण एवं पश्चिम चंपारण में मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जगहों पर 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा के आसार हैं। पटना सहित आसपास इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है।
प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर कुछ इसी प्रकार की स्थिति 13 अप्रैल तक रहने की संभावना है। बुधवार को पटना सहित आसपास इलाकों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ पुरवा के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रही।
28 जिलों के अधिकतम तापमान में आई गिरावट
मौसम में हुए बदलाव के कारण पटना सहित 28 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री गिरावट के साथ 34.8 डिग्री सेल्सियस व 37.8 डिग्री सेल्सियस के साथ गया में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान डुमरी में 40.6 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में 32.6 मिमी, पिपरा में 29.4 मिमी, बेनीपट्टी में 28.4 मिमी, अररिया में 26.0 मिमी, मटियानी में 24.6 मिमी, पुपरी में 22.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री गिरावट के आसार है।
बिहार के प्रमुख शहरों का तापमान (10 अप्रैल)
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| पटना | 31 डिग्री सेल्सियस | 24 डिग्री सेल्सियस |
| भागलपुर | 29 डिग्री सेल्सियस | 23 डिग्री सेल्सियस |
| मुजफ्फरपुर | 30 डिग्री सेल्सियस | 24 डिग्री सेल्सियस |
| गया | 36 डिग्री सेल्सियस | 22 डिग्री सेल्सियस |
| बेगूसराय | 31 डिग्री सेल्सियस | 23 डिग्री सेल्सियस |
| दरभंगा | 29 डिग्री सेल्सियस | 23 डिग्री सेल्सियस |
| सारण | 31 डिग्री सेल्सियस | 24 डिग्री सेल्सियस |
प्रमुख शहरों के तापमान में गिरावट
गया के अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री , औरंगाबाद में 2.1 डिग्री , जमुई में 2.1 डिग्री, बांका में 1.7 डिग्री, डेहरी में 2.6 डिग्री, सासाराम में 1.3 डिग्री , भोजपुर में 1.7 डिग्री, गोपालगंज में दो डिग्री, मोतिहारी में 3.4 डिग्री, मधुबनी में 6.5 डिग्री, सुपौल में 8.8 डिग्री, फारबिसगंज में 3.8 डिग्री, किशनगंज में 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।