BPSC TRE 4 Vacancy 2026: 32,388 पदों की शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन आज, आवेदन इस डेट से होंगे स्टार्ट
BPSC TRE 4 Notification शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने BPSC TRE-4 नोटिफिकेशन जल्द जारी होने का संकेत दिया है, जिससे अभ्यर्थियों की चिंता कम हुई है। उन्होंने बताया कि विभागीय तैयारी पूरी है और BPSC किसी भी समय अधिसूचना जारी कर सकता है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी
HighLights
शिक्षा मंत्री ने TRE-4 नोटिफिकेशन जल्द आने का संकेत दिया।
विभागीय तैयारी पूरी, BPSC किसी भी समय जारी करेगा अधिसूचना।
अभ्यर्थियों से आंदोलन छोड़ तैयारी पर ध्यान देने की अपील।
डिजिटल डेस्क, पटना। BPSC TRE 4 Notification बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। लंबे समय से वैकेंसी की घोषणा में हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थियों के बीच मंत्री ने कहा है कि नोटिफिकेशन किसी भी समय जारी किया जा सकता है।
उन्होंने अभ्यर्थियों से आंदोलन या चिंता करने के बजाय अपनी तैयारी पर फोकस करने की अपील की है। शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद एक बार फिर TRE-4 नोटिफिकेशन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विभागीय तैयारी पूरी, अब BPSC पर नजर
मिथिलेश तिवारी के अनुसार, TRE-4 वैकेंसी को लेकर विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC की ओर से नोटिफिकेशन जारी होने का इंतजार है।
उन्होंने कहा कि आयोग इस प्रक्रिया में जुटा हुआ है और किसी भी समय आधिकारिक सूचना सामने आ सकती है। ऐसे में अभ्यर्थियों की निगाहें अब BPSC की वेबसाइट और आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं।
पहले बताई गई संख्या से ज्यादा हो सकते हैं पद
शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों को एक और महत्वपूर्ण संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि जितने पदों को लेकर पहले वैकेंसी की जानकारी दी गई थी, TRE-4 में उससे अधिक पद शामिल किए जा सकते हैं।
हालांकि, पदों की अंतिम संख्या और विषयवार विवरण नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। इसलिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार करना होगा।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा
मंगलवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात भी की। इस मुलाकात के बाद TRE-4 नोटिफिकेशन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।
हालांकि, मंत्री ने साफ किया कि राज्यपाल से उनकी मुलाकात शिष्टाचार और बिहार की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों को लेकर थी। उन्होंने इसे TRE-4 नोटिफिकेशन से सीधे तौर पर नहीं जोड़ा।
अभ्यर्थियों के आंदोलन पर मंत्री की अपील
TRE-4 की घोषणा में देरी को लेकर अभ्यर्थियों में लगातार नाराजगी देखी जा रही है। कई अभ्यर्थी जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए और उनका भविष्य उज्ज्वल है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
शाम तक नोटिफिकेशन की अटकलें, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
इस बीच सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा सामने आई कि TRE-4 का नोटिफिकेशन जल्द, यहां तक कि शाम तक जारी हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होने का इंतजार है।
अभ्यर्थियों ने भी जल्द विज्ञापन जारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। ऐसे में अब सबसे महत्वपूर्ण बात यही है कि उम्मीदवार केवल BPSC की आधिकारिक सूचना को ही अंतिम मानें और अपनी तैयारी लगातार जारी रखें।
