जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करना शिशु के लिए फायदेमंद, 6 महीने तक केवल मां का दूध देने की सलाह
विशेषज्ञों ने नवजात के लिए मां के दूध को सर्वोत्तम आहार बताया, खासकर कोलोस्ट्रम को जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। पीएमसीएच पटना में विश्व स्तनपान ...और पढ़ें

जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करना शिशु के लिए फायदेमंद
HighLights
जन्म के तुरंत बाद कोलोस्ट्रम शिशु के लिए अत्यंत फायदेमंद।
छह माह तक केवल मां का दूध सर्वोत्तम आहार।
स्तनपान से मां और शिशु दोनों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य लाभ।
जागरण संवाददाता, पटना। नवजात के लिए मां का दूध सबसे उपयुक्त आहार माना जाता है। जन्म के तुरंत बाद निकलने वाला पीला और गाढ़ा दूध, जिसे कोलोस्ट्रम कहा जाता है, एंटीबाडी से भरपूर होता है और शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में मदद करता है।
विशेषज्ञों ने शिशु को जन्म के बाद जल्द से जल्द स्तनपान शुरू कराने और छह माह तक केवल मां का दूध देने की सलाह दी।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में सोमवार को विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मां का दूध नवजात के लिए नेचुरल वैक्सीन की तरह काम करता है।
उन्होंने कहा कि कोलोस्ट्रम में मौजूद एंटीबॉडी शिशु को कई संक्रमणों से बचाने में मदद करते हैं। इसलिए जन्म के बाद शुरुआती दूध को फेंकना नहीं चाहिए।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. के मंजू ने कहा कि मां का दूध शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद करता है। इससे बच्चे के विकास और पोषण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
उन्होंने कहा कि स्तनपान कराने से मां को भी कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। इससे प्रसव के बाद शरीर को सामान्य स्थिति में लौटने में मदद मिलती है और कुछ अध्ययनों में स्तनपान को महिलाओं में स्तन और अंडाशय के कैंसर के कम जोखिम से भी जोड़ा गया है।