पटना में मेट्रो काम के दौरान नहीं लगेगा जाम, नेहरू पथ पर चिह्नित किए गए 11 स्ट्रेच; बनेगा वेंडिंग जोन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो निर्माण के मद्देनजर नेहरू पथ पर यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। ...और पढ़ें

सीएम ने की बैठक। (सोशल मीडिया)
HighLights
मुख्यमंत्री ने नेहरू पथ पर यातायात प्रबंधन की समीक्षा की।
मेट्रो निर्माण के कारण 11 स्ट्रेच चिह्नित किए गए।
सड़क चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार और वेंडिंग जोन बनेंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में पथ निर्माण विभाग के कार्यों एवं प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की।
इस दौरान पटना में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के मद्देनजर नेहरू पथ (बेली रोड) पर यातायात को सुगम एवं निर्बाध बनाए रखने की व्यवस्था पर विशेष बल दिया।
समीक्षा के दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल एवं पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर पुडुकलकट्टी ने मुख्यमंत्री को बताया कि नेहरू पथ पर 11 स्ट्रेच चिह्नित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि चिह्नित स्ट्रेच का स्थल निरीक्षण कर वहां की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप यातायात सुधार के उपाय किए जाएं। जहां आवश्यक हो, वहां सड़क का चौड़ीकरण किया जाए। जंक्शन सुधार, बाटलनेक हटाने और अन्य जरूरी कार्य भी किए जाएं, ताकि यातायात का सुचारु संचालन बना रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है।
इसके निर्माण के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में कम-से-कम असुविधा हो, इसके लिए पथ निर्माण विभाग एवं संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण के दौरान लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा न आए। जिन स्थानों पर निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना है, वहां समय रहते वैकल्पिक मार्ग की पहचान कर समुचित व्यवस्था की जाए।
वैकल्पिक मार्गों को भी आवागमन के अनुकूल बनाया जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे की गतिविधियों को सुव्यवस्थित किया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आम नागरिकों की सुविधा भी बनी रहे।
वेंडिग जोन की पहचान करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने नेहरू पथ पर उपयुक्त वेंडिंग जोन की पहचान करने का भी निर्देश दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो से संबंधित एजेंसियों, जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक मैनेजमेंट, वैकल्पिक मार्ग, आवश्यकतानुसार सड़क चौड़ीकरण तथा अन्य यातायात सुधार कार्यों की समग्र कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जाए।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
पटना मेट्रो के निर्माण के दौरान नेहरू पथ सहित प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध तरीके से उठाए जाएं।
बैठक में पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा, नगर आयुक्त यशपाल मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- पटना के नेहरू पथ पर मेट्रो निर्माण को लेकर ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, अगस्त से लागू होगा नया रूट प्लान