बिहार छात्र आंदोलन पर कांग्रेस आक्रामक; राहुल ने घायलों से की बात, नेता पहुंचे जेल-अस्पताल
कांग्रेस ने बिहार में छात्र आंदोलन और सीवान गोलीकांड पर सक्रियता बढ़ाई। राहुल गांधी ने घायल छात्रों से बात की, नेताओं ने गिरफ्तार छात्रों से मुलाकात क ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों से की बात। फाइल
HighLights
राहुल गांधी ने सीवान गोलीकांड के घायल छात्रों का हाल जाना।
कांग्रेस नेताओं ने जेल में बंद छात्र नेताओं से मुलाकात की।
कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में छात्र आंदोलन और सिवान गोलीकांड को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को अपनी सक्रियता बढ़ाई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फोन पर सिवान गोलीकांड में घायल छात्रों का हालचाल जाना। यह बातचीत एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की मौजूदगी में पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में कराई गई।
हर संभव सहयोग का भरोसा
राहुल गांधी ने छात्रों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इससे पहले बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ बेऊर केंद्रीय कारा पहुंचे।
वहां पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र नेताओं से मुलाकात की।
दोनों नेताओं ने जेल में बंद छात्रों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। अल्लावरू ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करने वाले छात्रों को जेल भेजना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
देश के भविष्य के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं हो
एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उन्हें अपराधियों की तरह नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियों और दमन से युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। जेल से निकलने के बाद विनोद जाखड़ अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती घायल छात्रों से मुलाकात की।
इसके बाद वह सिवान पहुंचे, जहां गोलीकांड में घायल छात्रों के परिजनों से भी मिले। उन्होंने परिवारों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मामले में न्याय मिलने तक उनके साथ खड़ी रहेगी। इस दौरान कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।