Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    डेहरी ईओ मर्डर: हत्या में किसी और का हाथ होने की आशंका जता रहे स्वजन, मंत्री ने की मुलाकात

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 05:13 AM (IST)

    देहरी ईओ विमल कुमार हत्याकांड के बाद मंत्री रामकृपाल यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित कई नेता उनके परिजनों से मिलने गंगा कुटीर पहुंचे। ...और पढ़ें

    परिजन से मिलते मंत्री रामकृपाल यादव। (जागरण)

    परिजन से मिलते मंत्री रामकृपाल यादव। (जागरण)

    HighLights

    1. मंत्री रामकृपाल यादव और तेजस्वी यादव ने परिजनों से मुलाकात की।

    2. परिवार ने हत्या के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताई।

    3. उच्च स्तरीय न्यायिक/सीबीआई जांच की मांग की जा रही है।

    संवाद सहयोगी, दानापुर। डेहरी ईओ विमल कुमार के गोला रोड स्थित गंगा कुटीर अपार्टमेंट में स्वजन शोक में डूबे नजर आए। विमल के शुभचिंतक और मित्र जानकारी मिलने पर पहुंचते रहे।

    सोमवार की सुबह सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव उनके घर पहुंचे। उनके साथ पूर्व पार्षद राजेश शर्मा भी थे। श्री यादव ने मृतक विमल कुमार की पत्नी बबीता देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर घटना की जानकारी ली और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

    उन्होंने वहां के एसपी एवं अन्य अधिकारियों से फोन पर बात कर घटना की जांच कर अपराधियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने घटना पर गहरी संवेदना प्रकट की।

    औरंगाबाद नगर परिषद के मुख्य पार्षद सतीश सिंह उपमुख्य पार्षद और अन्य लोगों के साथ गंगा कुटीर पहुंचे और शोक प्रकट किया।

    सतीश सिंह ने घटना को लेकर उच्च अधिकारियों से विचार विमर्श किया और इसे दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इसकी जितनी निंदा की जाए, वह कम है।

    सोमवार को विमल के मित्र कार्यपालक अधिकारी सुशील कुमार समेत अन्य पदाधिकारी भी पहुंचे और घटना पर चर्चा की। पदाधिकारियों ने कहा कि नगर विकास विभाग में सभी लोग एक बैठक कर आगे की योजना बनाएंगे ताकि विमल को न्याय मिल सके और उनके स्वजन को सुरक्षा एवं अन्य सुविधाएं मिल सकें।

    इसके लिए वरीय अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री से भी परिवार के साथ मिलकर न्याय की गुहार लगाई जाएगी। इससे पूर्व रविवार की रात प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी विमल कुमार के घर पहुंचे और उनके परिवार से मिलकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

    उन्होंने मामले की गंभीरता से न्यायिक जांच एवं सीबीआइ जांच की मांग की। उन्होंने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोग लगातार पहुंचते रहे।

    पूर्व में दानापुर में कार्यपालक पदाधिकारी रहे विमल कुमार की हत्या पर नगर प्रबंधक अमरेंद्र कुमार, समाजसेवी धीरज यादव, राजू जायसवाल, राजेश शर्मा, शशि शर्मा ने भी गहरी संवेदना प्रकट की।

    हत्या के पीछे किसी और का हाथ होने की आशंका जता रहे स्वजन

    दानापुर में ईओ विमल कुमार की हत्या के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों में संदेह व्याप्त है। स्वजन को पुलिस द्वारा कांड का पर्दाफाश करने की बात समझ में नहीं आ रही है।

    खबरें और भी

    हत्या के पीछे साजिश की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि विमल का स्वभाव अच्छा था और चालक भी परिवार को जानता था।

    घटनास्थल के पास चालक का पेशाब करने का बहाना बनाना संदिग्ध प्रतीत होता है। घटना के पीछे किसी न किसी की साजिश है। यदि चालक ने हत्या की है, तो इसके पीछे किसी और का हाथ होना चाहिए।

    लोग न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं और पुलिस के वरीय अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री से ज्ञापन देने की तैयारी कर रहे हैं।

    गंगा कुटीर अपार्टमेंट में शोक

    गंगा कुटीर अपार्टमेंट में सोमवार को सन्नाटा छाया रहा। स्वर्गीय विमल के ससुर बिंदेश्वरी प्रसाद, पत्नी बबीता देवी एवं परिवार के अन्य सदस्य शोक में डूबे नजर आए।

    फ्लैट में आगे की कर्मकांड के लिए ब्राह्मण पहुंचे हुए थे। पत्नी बबीता देवी न्याय की उम्मीद में लोगों से मिल रही थीं। उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे, जबकि दोनों बच्चे अपने पिता को याद कर रहे थे। ससुर बिंदेश्वरी प्रसाद गुमसुम बैठे रहे और आने-जाने वालों की बातें सुनते रहे।

    यह भी पढ़ें- बिहार: ड्राइवर ने लोहे की रॉड से की थी हत्या, पुलिस ने सुलझाई डेहरी EO विमल कुमार हत्याकांड की गुत्थी