विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में डिलीवरी गर्ल पर बदमाशों ने दागीं गोलियां, एम्स में चल रहा इलाज; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Published: Wed, 29 Jul 2026 11:45 PM (IST)

पटना के नौबतपुर में स्कूटी से लौट रही ब्लिंकिट डिलीवरी गर्ल पूजा को बाइक सवार बदमाशों ने तीन गोलियां मारीं। ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती घायल युवती। फोटो जागरण

अस्पताल में भर्ती घायल युवती। फोटो जागरण

HighLights

  1. ब्लिंकिट डिलीवरी गर्ल पूजा को तीन गोलियां मारी गईं।

  2. यह घटना नौबतपुर के चिरौरा गांव के पास हुई।

  3. गंभीर हालत में पटना एम्स में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सूत्र, नौबतपुर। पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के चिरौरा गांव के पास बुधवार देर शाम स्कूटी से पटना से नौबतपुर की ओर आ रही युवती पूजा को बाइक सवार बदमाशों ने तीन गोलियां मारीं।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवती को पहले रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना एम्स रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी का करती थी काम 

पूजा समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी बिन्देश्वर राम की पुत्री है। उसकी रिश्तेदारी नौबतपुर थाना क्षेत्र के अभरणचक गांव में है।

फिलहाल वह श्रीनगर मोड़ पेट्रोल पंप के पीछे स्थित मोहल्ले में बुधन सिंह के किराए के मकान में रहती है। पहले वह पटना में किसी कंपनी में बाउंसर के रूप में कार्य करती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी का कार्य कर रही थी।

बदमाशों ने स्कूटी रोककर मारी तीन गोली

बुधवार को पूजा अपने काम से पटना गई थी, जहां से देर शाम को स्कूटी से नौबतपुर लौट रही थी। इसी दौरान चिरौरा के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर गोली मार दी और फरार हो गए।

गोली युवती की पीठ में लगी है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और घायल युवती को सड़क पर पड़ा देख तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची नौबतपुर थाना पुलिस ने युवती को नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स पटना रेफर कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस 

घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से पुलिस को पिस्टल के दो खोखे मिले हैं।

नौबतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के स्वजन से पूछताछ की जा रही है। पुरानी रंजिश या अन्य किसी कारण से घटना को अंजाम दिया गया है, इसकी जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- बिहार में 9वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, खेत में बेहोश मिली पीड़िता; चिट्ठी में लिखी आपबीती