पटना के दीघा में बेखौफ अपराधियों का तांडव, गैस दुकानदार को मारी गोली
दीघा थाना क्षेत्र के बांसकोठी में गैस रिपेयरिंग दुकानदार सुरेंद्र साव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें
-1785534891780_m.webp)
जांच करती एफएसएल की टीम। (जागरण)
HighLights
दीघा में गैस दुकानदार सुरेंद्र साव की हत्या।
पेट में गोली मारकर अपराधियों ने ली जान।
जमीन विवाद में छोटे भाई पर हत्या का आरोप।
जागरण संवाददाता, पटना। दीघा थाना क्षेत्र के बांसकोठी इलाके में गेट नंबर 95 के पास शुक्रवार की रात अपराधियों ने गैस रिपेयरिंग एवं वेल्डिंग दुकानदार को गोली मार दी।
आसपास के लोगों की मदद से उन्हें पाटलिपुत्र स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अपराधियों ने उनके पेट में गोली मारी थी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुरेंद्र साव के रूप में हुई है, जो घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई। दीघा थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की संख्या कितनी थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। मृतक के छोटे भाई पर आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
दुकान में बैठे थे, तभी अपराधियों ने मारी गोली
गेट नंबर 95 के पास सड़क किनारे ही उनकी रिपेयरिंग एंड सेल गैस वेल्डिंग नाम से दुकान है। वह दो भाइयों में बड़े हैं। दुकान के सामने ही उनका घर है।
बताया जा रहा है कि रात करीब आठ बजे वह दुकान में बैठे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें करीब से पेट में एक गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे लोग दुकान के पास पहुंचे, तो देखा कि वह दुकान में लहूलुहान हालत में गिरे हुए थे। कुर्सी के पास खून पसरा था। उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि अपराधियों की संख्या कितनी थी और वे किस वाहन से आए थे। वहीं, वहां मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि बाइक सवार दो अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
खबरें और भी
जमीन के विवाद में हत्या की आशंका
मृतक सुरेंद्र साव दो भाइयों में बड़े थे। दो बेटियों व एक बेटे के पिता थे। दुकान के सामने उनका पुश्तैनी घर है, जिसमें उनका छोटा भाई रहता है। पुलिस की मानें तो वह खुद अपने परिवार के साथ पास की ही पुरानी बैंक कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे।
फुलवारीशरीफ में भी उनका घर है। प्रारंभिक जांच में यह बातें सामने आ रही हैं कि पांच धूर जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस जमीन विवाद सहित अन्य सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन छानबीन कर रही है।