Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना का जटडुमरी जंक्शन बनेगा रेलवे का नया पार्सल हब, दिल्ली-अमृतसर तक फैलेगी सेवा

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 10:38 PM (IST)

    पूर्व मध्य रेल ने पार्सल सेवाओं के विस्तार के लिए पटना के जटडुमरी स्टेशन को पार्सल हब बनाने का प्रस्ताव रखा है। इस योजना में दिल्ली-अमृतसर तक पीसीईटी ...और पढ़ें

    जटडुमरी स्टेशन। फाइल फोटो

    जटडुमरी स्टेशन। फाइल फोटो

    HighLights

    1. जटडुमरी स्टेशन को प्रमुख पार्सल हब बनाने का प्रस्ताव।

    2. दिल्ली-अमृतसर तक पीसीईटी सेवा विस्तार पर मंथन।

    3. महत्वपूर्ण ट्रेनों में पार्सल वैन की मांग पर विचार।

    जागरण संवाददाता, पटना। पूर्व मध्य रेल में पार्सल परिवहन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण को लेकर सोमवार को प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम) कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

    बैठक में पटना के जटडुमरी स्टेशन को पार्सल हब के रूप में विकसित करने तथा वहां से कोलकाता, गुवाहाटी, त्रिपुरा और आगे दिल्ली-अमृतसर तक पार्सल सेवाओं के विस्तार का प्रस्ताव प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

    बैठक की अध्यक्षता पूर्व मध्य रेल के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अमिताभ प्रभाकर ने की। इसमें मुख्यालय एवं पूर्व मध्य रेल के सभी पांच मंडलों के वाणिज्य अधिकारियों के साथ लगभग 70 पार्सल लीजधारकों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य पार्सल परिवहन सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और ग्राहक-अनुकूल बनाना था।

    चर्चा के दौरान जटडुमरी स्टेशन को एक प्रमुख पार्सल हब के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे पार्सल संचालन को नई गति मिल सके।

    साथ ही जटडुमरी से चितपुर (कोलकाता) और गुवाहाटी होते हुए अगरतला तक पीसीईटी (पार्सल कार्गो एक्सप्रेस ट्रेन) चलाने तथा इस सेवा का विस्तार दिल्ली और अमृतसर तक करने का सुझाव दिया गया।

    महत्वपूर्ण ट्रेनों में पार्सल सुविधा की मांग

    बैठक में पार्सल लीजधारकों ने कई महत्वपूर्ण मांगें भी उठाईं। उन्होंने गाड़ी संख्या 13185/86 गंगा सागर एक्सप्रेस, 13165/66 सीतामढ़ी-कोलकाता एक्सप्रेस तथा 13257/58 दानापुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस में पार्सल वैन की व्यवस्था किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि इन ट्रेनों में पार्सल वैन उपलब्ध होने से व्यापारियों और ग्राहकों को माल परिवहन में अधिक सुविधा मिलेगी।

    इसके अलावा कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त ठहराव देने तथा रेलवे स्टेशनों पर पार्सल पैकेजों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने पार्सल बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए कई व्यावहारिक सुझाव भी दिए।

    मांगों पर होगा विचार

    बैठक को संबोधित करते हुए पीसीसीएम अमिताभ प्रभाकर ने कहा कि पार्सल सेवाओं का विस्तार, ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और रेलवे के राजस्व में वृद्धि करना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने रेलवे प्रशासन और पार्सल हितधारकों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

    खबरें और भी

    पूर्व मध्य रेल ने आश्वासन दिया कि बैठक में प्राप्त सुझावों और मांगों का व्यवहारिकता तथा परिचालन आवश्यकताओं के आधार पर परीक्षण किया जाएगा और उपयुक्त मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन पहलों से पूर्व मध्य रेल के पार्सल व्यवसाय को नई मजबूती मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

    यह भी पढ़ें- गया एयरपोर्ट पर ड्रोन हमलों से निपटने की विशेष ट्रेनिंग, CISF और एयरफोर्स ने दिखाई ताकत