Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Bakrid पर सुबह 6.15 बजे अदा की गई पहली नमाज, पटना में 413 स्थानों पर मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात; CM ने दी बधाई

    By Jagran NewsEdited By: Roma Ragini
    Updated: Thu, 29 Jun 2023 09:22 AM (IST)

    Bakrid 2023 आज सारी ईदगाहों में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी। इधर पटना में त्योहार को देखते हुए पटना प्रशासन ने सुरक्षा की भारी व्यवस्था की है। वही ...और पढ़ें

    Bakrid: ईदगाहों में सुबह 6.15 बजे अदा की गई पहली नमाज,
    Bakrid: ईदगाहों में सुबह 6.15 बजे अदा की गई पहली नमाज,

    पटना, राज्य ब्यूरो। ईद-उल-अजहा का त्योहार गुरुवार को मनाया जा रहा है। आज सुबह 6:15 बजे से नमाज शुरू हुई। गुरुवार को फुलवारीशरीफ के नुरी मस्जिद में सबसे पहले 6:15 बजे और सबसे अंतिम में खानकाह मुजिबीया में 8:50 बजे नमाज अदा की जाएगी।

    अमीर-ए-शरीयत बिहार, ओडिशा,बंगाल और झारखंड के हजरत मौलाना अहमद वली फैसल रहमानी ने कहा कि जिस तरह जानवरों को कुर्बानी करते हैं, उसी तरह अपनी इच्छाओं का भी त्याग करेंगे। मानवता के उत्थान के मानक को अपने जीवन में सजाएं। यही बकरीद के दौरान कुर्बानी का उद्देश्य है।

    उन्होंने कहा कि ईद- उल-अजहा सिर्फ जानवरों की कुर्बानी का नाम नहीं है, बल्कि जीवन के हर पहलू में अल्लाह की इच्छा के सामने आत्मसमर्पण करने की आदत डालने का एक प्रयास है।

    मुख्यमंत्री नीतीश ने दी ईद-उल-अजहा की बधाई

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा का त्योहार आस्था का त्योहार है। खुदा के हुक्म पर बड़ी से बड़ी कुर्बानी के लिए तैयार रहना इस त्योहार का आदर्श है।

    मुख्यमंत्री ने इस त्योहार को आपसी भाईचारा और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मानने से आनंद और बढ़ जाता है।

    आस्था और बलिदान का महान त्योहार: तेजस्वी यादव

    उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने देश और राज्यवासियों को ईद उल अजहा की शुभकामनाएं और बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार आस्था और बलिदान का महान त्योहार है। मुस्लिम भाई-बहन इस त्योहार को अकीदत के साथ मनाते हैं और खुदा के हुजूर में बकरे की कुर्बानी पेश करते हैं।

    खबरें और भी

    की गई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

    इधर, बकरीद पर विधि-व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने की है।

    असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और इंटरनेट मीडिया सेल को क्रियाशील रखते हुए अफवाहों का त्वरित खंडन का आदेश दिया गया है। जिले में कुल 413 स्थानों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अफसर के साथ पुलिस बल को तैनात किया गया है।

    पटना सदर अनुमंडल में 78, पटना सिटी में 133, दानापुर में 61, बाढ़ में 57, मसौढ़ी में 36 और पालीगंज अनुमंडल में 48 स्थानों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

    डीएम व एसएसपी ने कहा है कि गांधी मैदान में नमाजियों को चार, पांच एवं 10 नंबर गेट से अंदर जाना होगा। वाहन से आने वाले भी चार एवं पांच नंबर गेट से प्रवेश करेंगे। विशेष सफाई कराई गई है। वाहनों की पार्किंग गेट संख्या चार और पांच के बीच जगह पर होगी। अफवाह फैलानेवालों पर त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का नियंत्रण कक्ष 0612-2219810/2219234 क्रियाशील है।

    सरकारी अस्पतालों में ओपीडी रहेंगे बंद

    इसके अलावा, राजधानी के सभी प्रमुख सरकारी अस्पतालों के ओपीडी बंद रहेंगे। इमरजेंसी में रोस्टर के अनुसार डाक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। राजधानी के पीएमसीएच, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस (आइजीआइएमएस), आइजीआइसी की ओपीडी बंद रहेंगी।

    रोस्टर के अनुसार डाक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही आपात स्थिति को लेकर सभी को तैयार रहने को कहा गया है। आइजीआइएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डा. अमन कुमार ने बताया कि बकरीद को लेकर गुरुवार को ओपीडी बंद रहेंगे।