Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नोटों के बंडल; गहने और आलीशान फ्लैट, बिहार में इंजीनियर के 4 ठिकानों से मिली करोड़ों की प्रॉपर्टी

    Updated: Sat, 16 May 2026 08:52 PM (IST)

    आर्थिक अपराध इकाई ने ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर छापा मारा। ...और पढ़ें

    नोट गिनते अधिकारी और इंजीनियर गोपाल कुमार। (जागरण)

    नोट गिनते अधिकारी और इंजीनियर गोपाल कुमार। (जागरण)

    HighLights

    1. इंजीनियर गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर EOU का छापा।

    2. 48 लाख नकद, 60 लाख से अधिक के सोने के गहने बरामद।

    3. आय से 2.61 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति का खुलासा।

    राज्य ब्यूरो, पटना। भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी कार्रवाईयों के बीच शनिवार को आर्थिक अपराध इकाई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आय से अधिक संपत्ति मामले में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के एक साथ चार-चार ठिकानों पर एक साथ छापा मारा।

    कार्रवाई के दौरान पटना और जमुई से करीब 48 लाख रुपये नकद, 60 लाख रुपये से अधिक के सोने के गहने, करोड़ों की जमीन और फ्लैट से जुड़े कागजात, महंगी गाड़ियां और कई संदिग्ध निवेश के दस्तावेज मिले हैं।

    जांच में पता चला है कि गोपाल कुमार ने अपनी आय से करीब 2.61 करोड़ रुपये से अधिक की काली कमाई की है।

    घर-ससुराल, ऑफिस पर एक साथ हुई कार्रवाई

    गोपाल कुमार वर्तमान में ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) में कार्यपालक अभियंता हैं। वे वर्ष 2008 में सरकारी सेवा में आए थे और कई जिलों में तैनात रह चुके हैं।

    जांच एजेंसी के अनुसार उनकी संपत्ति उनकी वैध कमाई से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक पाए जाने के बाद इनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मुकदमा दर्ज किया गया था।

    केस दर्ज करने के बाद कोर्ट से अनुमति लेकर शनिवार को आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने गोपाल कुमार के पटना की मजिस्ट्रेट कालोनी स्थित फ्लैट, कंकड़बाग स्थित पैतृक घर, जमुई के किराये के मकान, झाझा कार्यालय और पटना स्थित ससुराल समेत कई जगहों पर छापेमारी की।

    घर से बरामद किए गए करीब 40 लाख नकद

    ईओयू ने छापेमारी के दौरान इंजीनियर के पटना स्थित फ्लैट से 39.65 लाख रुपये नकद, 424 ग्राम सोना और करीब एक किलो चांदी के गहने बरामद किए।

    इसके अलावा सगुना मोड़ के जेबी माल में दो दुकान, दानापुर में जमीन और निर्माणाधीन भवन, चार कमरों वाले फ्लैट में भारी नकद भुगतान से जुड़े कागजात भी बरामद हुए। कई जमीन खरीद समझौते भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

    जमुई से आठ लाख नकद, हुंडई क्रेटा बरामद

    पटना के अलावा इंजीनियर गोपाल कुमार के जमुई स्थित आवास से छापेमारी में आठ लाख लाख रुपये से अधिक नकद और एक हुंडई क्रेटा गाड़ी बरामद की गई।

    जांच में यह गाड़ी किसी दूसरे व्यक्ति सुरेंद्र प्रसाद के नाम पर खरीदी गई बताया गया। जिसकी कीमत 19 लाख रुपये है। इसके अलावा तीन बैंक खातों में करीब 10 लाख रुपये जमा मिले हैं, जिन्हें फिलहाल फ्रीज किया गया है।

    खबरें और भी

    साथ ही यहां से जीवन बीमा की सात योजनाओं से जुड़े कागजात भी मिले हैं। आर्थिक अपराध इकाई का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है। घर से विभाग की कई सरकारी फाइलें भी मिली हैं, जिसकी जानकारी ग्रामीण कार्य विभाग को दी जाएगी।

    छापामारी में बरामद हुए चीजें 

    • करीब 48 लाख रुपये नकद
    • आभूषण खरीद की 47 लाख की रसीदें
    • 60.47 लाख रुपये से अधिक के सोने के गहने
    • करीब एक किलो चांदी
    • जेबी मॉल में दो दुकान मूल्य करीब 70 लाख
    • दानापुर में जमीन और निर्माणाधीन भवन मूल्य करीब 35 लाख, 90 लाख का नकद भुगतान
    • दानापुर में चार कमरों वाले फ्लैट के लिए 80 लाख के भुगतान का कागजात
    • कई जमीन, प्लाट खरीद के समझौता पत्र
    • हुंडई आई-10 कार और एक स्कूटी
    • हुंडई क्रेटा गाड़ी
    • तीन बैंक खातों में 10 लाख रुपये
    • जीवन बीमा की सात योजनाओं के दस्तावेज, वार्षिक प्रीमियम 3.50 लाख
    • सरकारी फाइलें और कागजात

    यहां-यहां हुई छापेमारी

    • मजिस्ट्रेट कॉलोनी, ज्योतिपुरम स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट एफ-2
    • पूर्वी इंदिरा नगर, रोड न. चार कंकड़बाग स्थित पैतृक मकान
    • जमुई के केकेएम कॉलेज के पास किराये के आवास
    • झाझा स्थित कार्यालय सहित राजाबाजार स्थित ससुराल

    यह भी पढ़ें- भ्रष्‍टाचार पर EOU की बड़ी कार्रवाई: ग्रामीण कार्य व‍िभाग के इंजीनियर गोपाल कुमार के 4 ठिकानों पर छापेमारी